देवप्रयाग में भीषण सड़क हादसा! नदी किनारे गिरी अनियंत्रित वैगनआर कार। SDRF ने राफ्ट के सहारे नदी पार कराकर निकाले दो शव, तीन घायल अस्पताल में भर्ती।
देवप्रयाग। एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है, जहां चंडीगढ़ से रुद्रप्रयाग जा रही एक मारुति सुजुकी वैगनआर कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसा देवप्रयाग से लगभग चार किलोमीटर श्रीनगर की ओर ग्राम पाली स्थित रिवर व्यू कैफे के पास हुआ। कार सड़क से करीब 150 मीटर नीचे गिरकर सीधे नदी किनारे जा पहुंची। दुर्घटना के वक्त वाहन में चालक समेत कुल पांच लोग सवार थे, जिनमें से दो की मौके पर ही मौत हो गई और तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही एसडीआरएफ (SDRF) की टीमों ने तत्काल मोर्चा संभाला। ब्यासी पोस्ट से उपनिरीक्षक सावर सिंह और श्रीनगर टीम की निरीक्षक मंजरी नेगी के नेतृत्व में रेस्क्यू टीमें घटनास्थल के लिए रवाना हुईं। एसडीआरएफ टीमों के पहुंचने से पहले ही स्थानीय निवासियों और जिला पुलिस की मदद से तीनों घायलों को खाई से बाहर निकाल लिया गया था, जिन्हें 108 एम्बुलेंस के जरिए तुरंत पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घटनास्थल पर पहुंचने के बाद एसडीआरएफ की टीम ने दुर्गम परिस्थितियों के बीच कठिन रेस्क्यू अभियान चलाया। टीम ने कार में फंसे दो मृतकों—एक वृद्ध महिला और चालक के शवों को काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला। इलाके की कठिन भौगोलिक स्थिति और नदी मार्ग को देखते हुए रेस्क्यू टीम ने राफ्ट का सहारा लिया और दोनों शवों को नदी पार कराकर सुरक्षित देवप्रयाग पहुंचाया।
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान चमोली जिले के कर्णप्रयाग निवासी 72 वर्षीया सत्येश्वरी देवी और वाहन चालक अनिल के रूप में हुई है। वहीं घायलों में रुद्रप्रयाग निवासी उत्तम सिंह (33), टीशा रावत (18) और सुनीता देवी (45) शामिल हैं। पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम और आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए भेज दिया है।
कोतवाली और पुलिस प्रशासन का कहना है कि प्राथमिक राहत और बचाव कार्य पूरा कर लिया गया है। घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है और पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुट गई है। पहाड़ी मार्गों पर लगातार हो रही दुर्घटनाओं को लेकर प्रशासन ने चालकों से सतर्कता और सावधानी बरतने की अपील की है।
