Report by : CWN Desk
Published at :
पेपर लीक मामला: स्नातक स्तरीय परीक्षा ड्यूटी में लापरवाही पर सेक्टर मजिस्ट्रेट निलंबित

रुद्रपुर। सरदार भगत सिंह स्नातकोत्तर कॉलेज के बाहर नामांकन के दौरान हुई फायरिंग और बवाल के मामले में तीन पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई हुई है। एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने गंभीर लापरवाही मानते हुए रम्पुरा चौकी इंचार्ज प्रदीप कोहली, एएसआई अमित कुमार और कांस्टेबल गणेश धानिक को निलंबित कर दिया।
दरअसल, 24 सितंबर को कॉलेज में छात्रसंघ चुनाव नामांकन प्रक्रिया चल रही थी। इस दौरान अध्यक्ष पद के दो दावेदार समर्थकों के बीच विवाद हो गया, जो देखते ही देखते मारपीट और फायरिंग में बदल गया। कॉलेज परिसर और बाहर हवाई फायरिंग से अफरा-तफरी मच गई। मौके पर भागदौड़ के चलते रामपुर हाईवे पर लंबा जाम लग गया। जाम में कई स्कूली बसें, एंबुलेंस और अन्य आपात वाहन फंस गए, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई।
घटना के बाद बृहस्पतिवार को पुलिस ने वार्ड पार्षद और हिस्ट्रीशीटर समेत 15 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। शुक्रवार को मामले की समीक्षा के बाद एसएसपी ने इसे सुरक्षा व्यवस्था में बड़ी चूक मानते हुए पुलिसकर्मियों पर गाज गिराई। अधिकारियों का कहना है कि चुनावी माहौल में कॉलेजों के बाहर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश पहले से दिए गए थे, लेकिन रम्पुरा पुलिसकर्मी स्थिति संभालने में नाकाम रहे। इस कार्रवाई के बाद छात्रसंघ चुनावों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर पुलिस और अधिक सतर्क हो गई है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›