Report by : CWN Desk
Published at :
रुद्रपुर और हल्द्वानी में छात्रसंघ चुनाव के दौरान बवाल, फायरिंग और शक्ति प्रदर्शन से शहर जाम

रुद्रपुर। कॉलेज के बाहर खुलेआम फायरिंग कर दहशत फैलाने वाला गैंगस्टर गगन रतनपुरिया पुलिस मुठभेड़ में घायल हो गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया है। घटना की जानकारी मिलते ही एसएसपी मणिकांत मिश्रा अस्पताल पहुंचे और आरोपी से पूछताछ की।
एसएसपी ने बताया कि 24 सितंबर को रुद्रपुर कॉलेज में नामांकन प्रक्रिया के दौरान छात्रसंघ अध्यक्ष पद के दोनों दावेदारों के समर्थक आमने-सामने आ गए थे। विवाद बढ़ने पर दरऊ निवासी गैंगस्टर गगन रतनपुरिया ने तमंचे से हवाई फायर झोंक दिए। अचानक हुई फायरिंग से कॉलेज परिसर में अफरातफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने इस मामले में 25 सितंबर को 15 आरोपियों पर मुकदमा दर्ज किया था। शनिवार को तीन आरोपियों को जेल भेजा जा चुका था, जबकि बाकी की तलाश जारी थी।
शनिवार देर रात पुलिस को सूचना मिली कि गगन रतनपुरिया सरेंडर की कोशिश में किसी व्यक्ति से मिलने जा रहा है। इस पर पुलिस ने उसकी घेराबंदी शुरू कर दी। शक्तिफार्म क्षेत्र में पुलिस ने जब उसे पकड़ने का प्रयास किया तो उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने उसे धर दबोचा। मुठभेड़ के दौरान उसके पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे तुरंत सितारगंज अस्पताल पहुंचाया गया।
एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने बताया कि मुठभेड़ के दौरान चार राउंड फायरिंग हुई। उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि जिले में गुंडागर्दी और बदमाशी को किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस की सख्त कार्रवाई से क्षेत्र में दहशत फैलाने वालों को साफ संदेश दिया गया है कि कानून से ऊपर कोई नहीं।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›