Report by : Paras Bisht
Published at :
हल्द्वानी में युवक को तमंचे के साथ इंस्टाग्राम पर रील बनाना पड़ा महंगा, पुलिस ने दबोचा

315 बोर के तमंचे व कारतूस के साथ गिरफ्तार
हल्द्वानी। इंटरनेट मीडिया में रील बनाने का क्रेज सिर चढ़कर बोल रहा है। युवतियां व युवक रील बनाकर खूब वायरल हो रहे हैं। कोई डांस कर रहा है तो कोई कामेडी कर वाहवाही लूट रहा है।
हल्द्वानी का युवक इंस्टाग्राम पर तमंचे के साथ रील बनाकर फेमस होने चला था, मगर रील अपलोड करने के कुछ देर बाद वह हवालात पहुंच गया। पुलिस ने उसके विरुद्ध प्राथमिकी की है। रविवार को इंस्टाग्राम पर एक युवक तमंचे के साथ रील बनाते हुए वायरल हो रहा था।
बताया जा रहा था कि युवक प्रेमपुर लोश्ज्ञानी का रहने वाला है। इस पर एसएसपी प्रह्लाद नारायण मीणा ने ट्रांसपोर्टनगर चौकी इंचार्ज दीपक बिष्ट को युवक के विरुद्ध कार्रवाई करने के निर्देश दिए। आदेश के एक घंटे बाद चौकी इंचार्ज ने आरोपित का पता ढूंढकर उसे 315 बोर के तमंचे व कारतूस के साथ गिरफ्तार कर लिया।
युवक ने अपना नाम प्रेमपुर लोश्यानी निवासी दीपक अधिकारी बताया। उसका कहना था कि इंस्टाग्राम पर रील अपलोड कर फेमस होना चाहता था। उसे लगा था कि तमंचे के साथ रील डालकर ज्यादा लाइक मिलेंगे, मगर ये भूल गया कि इससे वह जेल जा सकता है। चौकी इंचार्ज के अनुसार युवक को जेल भेज दिया है। टीम में एएसआइ राजेंद्र मेहरा, कांस्टेबल अनिल टम्टा व नवीन राणा शामिल रहे।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›