Report by : CWN Desk
Published at :
उत्तराखंड के प्रमुख मंदिरों में सुरक्षा और सुविधाएं होंगी सुदृढ़, रजिस्ट्रेशन अनिवार्य

देहरादून। अंतर्राष्ट्रीय बाघ दिवस के अवसर पर उत्तराखंड के वन्यजीव संरक्षण प्रयासों को नई दिशा देते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को एक अहम घोषणा की। उन्होंने कहा कि कॉर्बेट टाइगर रिजर्व में गठित की जा रही टाइगर प्रोटेक्शन फोर्स में राज्य के अग्निवीरों को सीधे तौर पर तैनाती दी जाएगी।

इस विशेष बल का उद्देश्य बाघों और उनके प्राकृतिक आवासों की सुरक्षा को सुदृढ़ करना है। मुख्यमंत्री ने बताया कि इस बल में करीब 80 अग्निवीरों की भर्ती की जाएगी। उन्होंने कहा कि अग्निवीर सेना में कठोर प्रशिक्षण और अनुशासन के वातावरण से गुजर चुके होते हैं, इसीलिए वे जंगलों की गश्त और वन्यजीव अपराधों की रोकथाम में विशेष रूप से सक्षम होंगे।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि इस कदम से स्थानीय युवाओं को रोजगार का अवसर मिलेगा, साथ ही स्थानीय समुदायों की भागीदारी भी वन्यजीव संरक्षण में सुनिश्चित होगी। यह मॉडल यदि सफल रहता है, तो इसे देश के अन्य बाघ अभयारण्यों और संरक्षित क्षेत्रों में भी लागू किया जा सकता है।

इस योजना से वन सुरक्षा तंत्र को बल मिलेगा और मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाओं में भी कमी आने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार वन्यजीवों के संरक्षण को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध है और इस दिशा में यह एक बड़ा और अभिनव कदम साबित होगा।

वन विभाग को इस योजना के क्रियान्वयन के लिए दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं और जल्द ही भर्ती प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›