Connect with us

उधमसिंह नगर

खटीमा में बाघ का आतंक: जंगल में मवेशी चराने गई वृद्धा को उतारा मौत के घाट

Published

on

खबर शेयर करें 👉

खटीमा के बग्गा चौवन में बाघ ने 72 वर्षीय वृद्धा पर हमला कर उन्हें मार डाला। वन विभाग की टीम ने हवाई फायरिंग कर शव बरामद किया। इलाके में दहशत का माहौल।

खटीमा: उत्तराखंड के सीमांत क्षेत्र खटीमा में मानव-वन्यजीव संघर्ष की एक रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई है। बुधवार सुबह बग्गा चौवन इलाके में जंगल में मवेशी चराने गई एक 72 वर्षीय वृद्धा को बाघ ने अपना निवाला बना लिया। इस घटना के बाद से पूरे सीमावर्ती क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों ने वन विभाग से बाघ को पकड़ने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बग्गा चौवन निवासी गोपुली देवी (72 वर्ष) बुधवार सुबह साढ़े नौ बजे अपने पड़ोसियों के साथ कम्पार्टमेंट नंबर 47 के जंगल में गई थीं। इसी दौरान घात लगाकर बैठे बाघ ने अचानक गोपुली देवी पर हमला कर दिया और उन्हें घसीटकर घने जंगल के भीतर ले गया। साथ मौजूद ग्वालों के शोर मचाने पर ग्रामीणों और वन विभाग को सूचित किया गया।
सूचना मिलते ही रेंजर मनराल के नेतृत्व में वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने ग्रामीणों के साथ मिलकर सर्च ऑपरेशन शुरू किया। बाघ की मौजूदगी को देखते हुए वन कर्मियों ने हवाई फायरिंग की, जिसके बाद बाघ शव छोड़कर जंगल में भाग निकला। टीम को घटनास्थल से कुछ दूरी पर वृद्धा का क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ है।
वन विभाग की जांच में मौके पर बाघ के पदचिह्न और शव पर बाघ के बाल मिले हैं। पोस्टमार्टम करने वाले डॉक्टरों ने भी बाघ के हमले की आधिकारिक पुष्टि की है। वन विभाग ने ग्रामीणों को अकेले जंगल की ओर न जाने की सख्त हिदायत दी है। इलाके में गश्त बढ़ा दी गई है ताकि भविष्य में ऐसी किसी अनहोनी को टाला जा सके।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तरकाशी: भालू के हमले से बचने के दौरान महिला पहाड़ी से गिरी, ओंगी गांव में दर्दनाक मौत; ग्रामीणों में दहशत

Select Language

Advertisement