Connect with us

उधमसिंह नगर

रुद्रपुर के फाइव स्टार होटल में दिल्ली की महिला कारोबारी की संदिग्ध मौत

Published

on

खबर शेयर करें 👉

रुद्रपुर के रेडिसन ब्लू होटल में दिल्ली की महिला कारोबारी ज्योति शर्मा की मौत से हड़कंप। परिजनों ने बिजनेस पार्टनर पर लगाया हत्या का आरोप, पुलिस जांच जारी।

रुद्रपुर: उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर जिले के रुद्रपुर में एक पांच सितारा होटल से सनसनीखेज मामला सामने आया है। बुधवार को दिल्ली की एक 40 वर्षीय महिला कारोबारी की होटल के कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद होटल प्रबंधन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस ने महिला के साथ आए उसके बिजनेस पार्टनर को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिल्ली के लोधी रोड निवासी ज्योति शर्मा अपने बिजनेस पार्टनर अमित के साथ बुधवार तड़के ‘होटल रेडिसन ब्लू’ पहुँची थीं। रिसेप्शन पर दोनों ने जानकारी दी थी कि वे सुबह कैंची धाम दर्शन के लिए जाएंगे। हालांकि, दोपहर करीब डेढ़ बजे अमित ने होटल स्टाफ को सूचना दी कि ज्योति की तबीयत अचानक खराब हो गई है, जिसके बाद एंबुलेंस बुलाई गई।
ज्योति को तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही सिडकुल चौकी इंचार्ज सुरेन्द्र सिंह बिष्ट पुलिस टीम के साथ पहले अस्पताल और फिर होटल पहुँचे। पुलिस ने कमरे की बारीकी से जांच की और अमित से लंबी पूछताछ शुरू की। प्राथमिक जांच में मामला संदिग्ध लगने पर पुलिस ने अमित को हिरासत में ले लिया है।
मृतक ज्योति की छोटी बहन ने अमित पर गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों का कहना है कि अमित और ज्योति के बीच 30 लाख रुपये के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था। बहन का आरोप है कि इसी लेनदेन के चलते अमित ने हत्या की साजिश रची है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मौत के असली कारणों का पता लगाने के लिए विसरा रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

Select Language

Advertisement