नई दिल्ली
हल्द्वानी: मालिक से बदला लेने के लिए पूर्व कर्मचारी ने शोरूम से चुराई तीन नई स्कूटी; ऐसे हुआ सनसनीखेज खुलासा
हल्द्वानी के रामपुर रोड स्थित शोरूम से तीन नई स्कूटी चुराने वाला आरोपी गिरफ्तार। आरोपी शोरूम का पुराना कर्मी निकला, जिसने मालिक से कहासुनी का बदला लेने के लिए वारदात की। पुलिस ने स्कूटी बरामद कर आरोपी को जेल भेजा।
हल्द्वानी। हल्द्वानी के रामपुर रोड स्थित एक वाहन शोरूम में हुई तीन नई स्कूटी चोरी की घटना का पुलिस ने सोमवार को खुलासा कर दिया है। पुलिस ने न केवल चोरी की तीनों स्कूटी बरामद कर ली हैं, बल्कि वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है।
एसपी सिटी मनोज कुमार कत्याल ने बताया कि शोरूम के मालिक राजेश बंसल ने 12 दिसंबर को चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। चोरी का पूरा घटनाक्रम सीसीटीवी फुटेज में कैद हुआ था। पुलिस की टीम ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले और गहन पूछताछ के आधार पर आरोपी हिमांशु (निवासी हाल जेके पुरम, मुखानी) को धर दबोचा।
पुलिस पूछताछ में आरोपी हिमांशु ने बताया कि वह पूर्व में इसी शोरूम में बतौर कर्मचारी काम करता था। वित्तीय विवाद को लेकर मालिक से कहासुनी होने के बाद उसे इसी साल सितंबर में नौकरी से निकाल दिया गया था। मालिक से बदला लेने की नीयत से उसने जाते-जाते शोरूम की एक चाबी चुरा ली थी। इसी चाबी का इस्तेमाल कर उसने बीते दिनों एक-एक करके तीन अलग-अलग स्कूटी चोरी की वारदातों को अंजाम दिया।
आरोपी ने पूछताछ में खुलासा किया कि वह चोरी की स्कूटी को बेचकर भागने की फिराक में था। उसने तीनों स्कूटी को गोरापड़ाव के जंगल में झाड़ियों में छिपा रखा था। सूत्रों के मुताबिक, आरोपी पूरी योजना बनाकर रात को स्कूटी चुराने के लिए पेट्रोल लेकर शोरूम में आया था, ताकि वह आराम से रात के अंधेरे में उन्हें ठिकाने लगा सके। हालांकि, 50 हजार रुपये में स्कूटी बेचने से पहले ही वह पुलिस के हत्थे चढ़ गया। पुलिस टीम ने चोरी की स्कूटी बरामद कर आरोपी हिमांशु को जेल भेज दिया है।
