Report by : Paras Bisht
Published at :
हल्द्वानी के एमबीपीजी और डीएसबी कॉलेज में छात्रसंघ चुनाव की तैयारियां पूरी, अध्यक्ष पद पर त्रिकोणीय मुकाबला

नैनीताल/हल्द्वानी/रामनगर। कुमाऊं विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालयों में आज शनिवार को छात्रसंघ चुनाव के लिए मतदान और मतगणना की जाएगी। शाम तक परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे। इस चुनाव में नैनीताल डीएसबी परिसर, हल्द्वानी एमबीपीजी कॉलेज व अन्य डिग्री कॉलेजों सहित रामनगर के पीएनजी कॉलेज में कुल 20 हजार से अधिक छात्र-छात्राएं अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। शुक्रवार को चुनाव प्रचार थमने से पहले प्रत्याशियों ने रैलियों, आमसभाओं और पार्टियों के जरिये वोटरों को लुभाने की हरसंभव कोशिश की।
डीएसबी नैनीताल : आज शाम घोषित होंगे विजेता
डीएसबी परिसर में करीब पांच हजार छात्र-छात्राएं अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। शुक्रवार को आमसभा के दौरान प्रत्याशियों ने कॉलेज के विभिन्न मुद्दे उठाए और छात्रों को समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया। अध्यक्ष पद प्रत्याशी करण सती ने परिवर्तन लाने का वादा किया, जबकि एबीवीपी प्रत्याशी तनिष्क मेहरा ने छात्रहितों की रक्षा को अपना मुख्य मुद्दा बताया। उपाध्यक्ष पद पर दिनेश चंद्रा ने डिजिटल बोर्ड, शशांक भंडारी ने शिक्षकों की नियुक्ति की मांग रखी। छात्रा उपाध्यक्ष पद प्रत्याशी प्राची नेगी ने बाहरी छात्रों और पूर्व नेताओं के प्रवेश पर रोक लगाने का भरोसा दिलाया। सुरक्षा व्यवस्था के लिए एसडीएम नवाजिश खलीक ने निरीक्षण किया और बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा।
एमबीपीजी हल्द्वानी : 58 प्रत्याशियों के बीच मुकाबला
एमबीपीजी कॉलेज हल्द्वानी में 13,963 छात्र मत डालेंगे। प्राचार्य डॉ. एनएस बनकोटी के अनुसार 11 पदों पर कुल 58 प्रत्याशी मैदान में हैं। अध्यक्ष पद पर एनएसयूआई के कमल बोरा, एबीवीपी के अभिषेक गोस्वामी और निर्दलीय मोहम्मद अरशद के बीच त्रिकोणीय मुकाबला है। शुक्रवार को आमसभा के दौरान आरोप-प्रत्यारोप का दौर चला। वहीं चुनाव प्रचार के अंतिम दिन प्रत्याशियों ने मनोरंजन कार्यक्रमों का सहारा लिया। कमल बोरा ने होटल में डीजे पार्टी आयोजित की, जबकि अभिषेक गोस्वामी ने बैंक्वेट हॉल में डांडिया नाइट करवाई। दोनों आयोजनों में छात्रों की भीड़ उमड़ी। मोहम्मद अरशद की ओर से कोई आयोजन नहीं किया गया।
महिला कॉलेज हल्द्वानी : आठ प्रत्याशी आमने-सामने
महिला महाविद्यालय में अध्यक्ष, सचिव, कोषाध्यक्ष और विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पदों के लिए आठ प्रत्याशी मैदान में हैं। शुक्रवार को आयोजित आमसभा में प्रत्याशियों ने छात्राओं के सामने अपनी योजनाएं रखीं।
पीएनजी कॉलेज रामनगर : समर्थकों में भिड़ंत
रामनगर स्थित पीएनजी राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में भी शनिवार को सुबह नौ से दो बजे तक मतदान होगा। यहां अध्यक्ष पद पर कृष्ण कुमार, कंचन पांडे, दीपक सिंह रावत, नितेश कुमार शर्मा और समीर कुरैशी चुनावी मैदान में हैं। शुक्रवार को आयोजित आमसभा में सभी प्रत्याशियों ने अपनी-अपनी योजनाएं बताईं। इस बीच दो प्रत्याशियों के समर्थकों के बीच विवाद हो गया। बात हाथापाई तक पहुंचने से पहले पुलिस ने हस्तक्षेप कर स्थिति को काबू में किया। दोनों पक्षों की ओर से तहरीर दी गई है, मामले की जांच जारी है।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
नैनीताल, हल्द्वानी और रामनगर कॉलेज परिसरों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है। पुलिस बल की तैनाती के साथ प्रशासनिक अधिकारी लगातार निरीक्षण कर रहे हैं। चुनावी गहमागहमी के बीच आज का दिन छात्र राजनीति के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›