Connect with us

हल्द्वानी

हल्द्वानी में दर्दनाक हादसा: गेहूं कटाई के दौरान पानी के टैंक में डूबने से 11 वर्षीय छात्र की मौत

Published

on

खबर शेयर करें 👉

हल्द्वानी के बच्चीनगर में गेहूं कटाई के दौरान 8 फीट गहरे पानी के टैंक में डूबने से कक्षा 6 के छात्र सौरभ कश्यप की मौत हो गई। मूल रूप से बदायूं का रहने वाला था परिवार।

हल्द्वानी: उत्तराखंड के हल्द्वानी शहर से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है, जहाँ गेहूं कटाई के दौरान एक 11 वर्षीय मासूम की पानी के टैंक में डूबने से मौत हो गई। यह हृदयविदारक घटना मुखानी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले बच्चीनगर प्रथम की है। इस हादसे के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है और खुशियां मातम में बदल गई हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बदायूं निवासी चंद्रभान कश्यप का परिवार हल्द्वानी के कठघरिया क्षेत्र में किराए पर रहता है। परिवार के सदस्य खेत में गेहूं कटाई का काम कर रहे थे। गुरुवार शाम को चंद्रभान का 11 वर्षीय छोटा बेटा सौरभ कश्यप, जो कक्षा 6 का छात्र था, खेत के समीप बने एक गहरे पानी के टैंक के पास गया।
बताया जा रहा है कि सौरव गेहूं के बंडलों को बांधने के लिए इस्तेमाल होने वाले पराल को भिगाने के लिए निर्माणाधीन दुकानों के पीछे बने पानी के टैंक के पास पहुंचा था। जैसे ही वह पानी लेने के लिए झुका, अनियंत्रित होकर जमीन के अंदर बने करीब आठ फीट गहरे टैंक में जा गिरा। परिवार के लोग काफी देर तक उसे ढूंढते रहे, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला।
जब काफी देर बाद मासूम की चप्पलें पानी के टैंक में तैरती हुई मिलीं, तब परिजनों को किसी अनहोनी का अंदेशा हुआ। उन्होंने तुरंत टैंक की तलाशी ली, जहाँ मासूम का शव बरामद हुआ। घटना की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
मृतक मासूम के पिता चंद्रभान ने बताया कि सौरव उनके पांच भाई-बहनों में सबसे छोटा था और उसने अभी हाल ही में पांचवीं कक्षा पास कर छठी कक्षा में प्रवेश लिया था। परिवार का अंतिम संस्कार उनके पैतृक गांव बदायूं में किया जाएगा। इस घटना ने एक बार फिर खुले और असुरक्षित पानी के टैंकों के खतरे को उजागर कर दिया है।

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Select Language

Advertisement