Report by : CWN Desk
Published at :
बाजपुर में नशा मुक्ति केंद्र की टीम पर जानलेवा हमला, सुपरवाइजर की मौत

हल्द्वानी में सुशीला तिवारी अस्पताल के पास सड़क के गड्ढे के कारण ई-रिक्शा नहर में गिरा। माल बचाते समय चालक की जान गई। पढ़ें पूरी खबर।

हल्द्वानी। शहर से एक बेहद दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। सुशीला तिवारी अस्पताल के समीप सामान ले जा रहा एक ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर सड़क किनारे नहर में जा गिरा। इस हादसे में 45 वर्षीय ई-रिक्शा चालक की जान चली गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, उजाला नगर निवासी आरिफ (45) बुधवार शाम सामान से भरा ई-रिक्शा लेकर लिंक मार्ग से गुजर रहे थे। तभी सड़क पर बने एक गहरे गड्ढे के कारण उनका ई-रिक्शा अचानक अनियंत्रित होकर पास ही बह रही नहर में जा गिरा। दुर्घटना के तुरंत बाद आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसा होने के बाद चालक आरिफ तुरंत नहर में उतरे और अपना सामान बचाने की कोशिश करने लगे। इसी दौरान अचानक चक्कर आने के कारण वह गहरे पानी में गिर पड़े। स्थानीय युवकों ने तुरंत तत्परता दिखाते हुए उन्हें नहर से बाहर निकाला और सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि क्षेत्र में सड़क की हालत बेहद खस्ता है। जर्जर सड़क और गड्ढों के कारण इस मार्ग पर आए दिन गाड़ियां अनियंत्रित होकर हादसों का शिकार होती रहती हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने अस्पताल पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जल्द से जल्द क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत कराने की मांग की है ताकि ऐसे हादसों पर रोक लग सके।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›