Connect with us

हल्द्वानी

हल्द्वानी में दुखद: CDS परीक्षा पास करने वाले मेधावी छात्र ने की आत्महत्या

Published

on

खबर शेयर करें 👉

हल्द्वानी के मुखानी क्षेत्र में 22 वर्षीय सचिन ने फांसी लगाकर जान दी। सीडीएस लिखित परीक्षा पास कर चुका सचिन सेना में अधिकारी बनने का सपना देख रहा था।

हल्द्वानी: मुखानी थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ सूर्य विहार, गैस गोदाम रोड पर रहने वाले 22 वर्षीय मेधावी छात्र सचिन ने अज्ञात कारणों के चलते फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। शनिवार रात हुई इस घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।
सचिन मूल रूप से ग्राम पिन्नौरा (ट्यूना गांव), छोटा कैलाश का निवासी था और हल्द्वानी में अपने चाचा के घर रहकर पढ़ाई कर रहा था। परिजनों के अनुसार, वह पढ़ाई में अत्यंत कुशाग्र था। उसने हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की शिक्षा हल्द्वानी से पूरी की थी और वर्तमान में बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (BHU) से बीए कर रहा था। उसका सपना देश सेवा करना था।
सचिन ने हाल ही में CDS (Combined Defence Services) की लिखित परीक्षा भी उत्तीर्ण कर ली थी। वह सेना में अधिकारी बनने की तैयारी में जुटा था। घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। शनिवार दोपहर करीब 12:30 बजे सचिन बरामदे में रखे स्टूल को निकालते हुए दिखाई दिया, जिससे अंदेशा लगाया जा रहा है कि वह पहले से ही आत्महत्या की योजना बना रहा था।
शनिवार रात जब सचिन के कमरे का दरवाजा काफी देर तक नहीं खुला, तो परिजनों को चिंता हुई। धक्का देकर दरवाजा खोलने पर सचिन रस्सी के फंदे से लटका मिला। आनन-फानन में उसे सुशीला तिवारी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मेधावी छात्र के इस आत्मघाती कदम से हर कोई स्तब्ध है।
मुखानी पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। अब तक कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है, जिससे मौत के सटीक कारणों का पता चल सके। पुलिस सचिन के मोबाइल फोन और हालिया कॉल रिकॉर्ड्स को भी खंगाल रही है ताकि इस दुखद घटना के पीछे की गुत्थी सुलझाई जा सके।

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Select Language

Advertisement