Report by : CWN Desk
Published at :
भीमताल घूमने आए एयरफोर्स के दो जवानों की डूबने से मौत

भीमताल। उत्तराखंड के भीमताल क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसा हो गया, जहां चाफी ग्राम पंचायत के मुसाताल में नहाने गए भारतीय वायुसेना (एयरफोर्स) के दो जवानों की ताल में डूबने से मौत हो गई। घटना बुधवार दोपहर की है।

जानकारी के अनुसार, पठानकोट (पंजाब) एयरफोर्स स्टेशन में तैनात आठ जवान घूमने के उद्देश्य से भीमताल क्षेत्र में आए थे। इनमें चार युवक और चार युवतियां शामिल थीं। बुधवार को सभी लोग मुसाताल पहुंचे, जहां चार युवक—प्रिंस यादव, साहिल, सौरभ सिंह और बृजेंद्र—ताल में नहाने उतर गए।

नहाते समय अचानक प्रिंस यादव और साहिल गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। उनके साथियों ने उन्हें बचाने की भरपूर कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हो सके। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।

करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दोनों के शव ताल से बाहर निकाले जा सके। सीओ प्रमोद साह ने बताया कि चारों युवक एयरफोर्स के जवान हैं और पठानकोट में तैनात थे। उन्होंने कहा कि बाकी छह साथियों को पूछताछ के लिए थाने लाया गया है और मामले की जांच की जा रही है।

इस हादसे से क्षेत्र में शोक की लहर है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है। वहीं प्रशासन ने पर्यटकों से प्राकृतिक जलस्रोतों में सावधानी बरतने की अपील की है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›