Report by : CWN Desk
Published at :
भाजपा नेता शर्मा और पति पर दो मुकदमे दर्ज, ग्रामीण को पीटा और दी जिंदा जलाने की धमकी

चकराता। भाजपा की पूर्व क्वांसी मंडल अध्यक्ष बचना शर्मा और उनके पति ओमप्रकाश पर ग्रामीण के साथ मारपीट और धमकी देने के आरोप में दो मुकदमे दर्ज किए गए हैं। पुलिस ने बताया कि गुरुवार देर रात दोनों के खिलाफ अलग-अलग मामलों में कार्रवाई की गई।
थानाध्यक्ष चंद्रशेखर नौटियाल ने बताया कि ग्राम लाखामंडल निवासी विरेंद्र भट्ट ने तहरीर देकर शिकायत की कि आठ अक्तूबर को क्षेत्र के शिव मंदिर परिसर में ग्रामसभा की बैठक हो रही थी। इस दौरान जब उन्होंने अपनी बात रखी तो बचना शर्मा और उनके पति ओमप्रकाश आपा खो बैठे। आरोप है कि दोनों ने उनके साथ मारपीट की और जिंदा जलाने की धमकी दी।
विरेंद्र का कहना है कि शाम को जब वह पुलिस चौकी में रिपोर्ट दर्ज कराने पहुंचे, तो बचना शर्मा और ओमप्रकाश भी वहां आ गए और चौकी के बाहर ही उनके साथ जूते-चप्पलों से मारपीट की। घटना से क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई।
इसी दौरान लाखामंडल निवासी खुशीराम गौड़ ने भी पुलिस को तहरीर दी। उनका आरोप है कि बचना शर्मा ने उनकी बेटी और परिवार के खिलाफ सोशल मीडिया पर अभद्र टिप्पणी की, जिससे परिवार की सामाजिक प्रतिष्ठा को ठेस पहुंची।
थानाध्यक्ष नौटियाल ने बताया कि दोनों मामलों में मुकदमे दर्ज कर लिए गए हैं और जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि दोषी पाए जाने पर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद से क्षेत्र में चर्चा का माहौल है, वहीं ग्रामीणों ने निष्पक्ष जांच की मांग की है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›