हल्द्वानी

11वां दीक्षांत समारोह: 14,857 छात्रों को मिली डिग्री, अश्वनी लोहानी सम्मानित

हल्द्वानी में उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय के 11वें दीक्षांत समारोह में 14,857 छात्रों को डिजिलॉकर से डिग्री व 36 मेधावियों को स्वर्ण पदक मिले। पढ़ें पूरी खबर।

हल्द्वानी। उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय (UOU) का 11वां दीक्षांत समारोह बुधवार को भव्य और गरिमामय माहौल में संपन्न हुआ। इस अवसर पर शैक्षणिक सत्र 2025-26 के 14,857 विद्यार्थियों को डिजिलॉकर के माध्यम से उपाधियां प्रदान की गईं। समारोह में आठ शोधार्थियों को पीएचडी की डिग्री और 36 मेधावी छात्र-छात्राओं को स्वर्ण पदक देकर सम्मानित किया गया।
समारोह का मुख्य आकर्षण प्रख्यात प्रशासनिक विशेषज्ञ और पूर्व रेलवे बोर्ड अध्यक्ष अश्वनी लोहानी को मानद उपाधि प्रदान करना रहा। राज्यपाल एवं कुलाधिपति डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। विशिष्ट अतिथि के रूप में उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत और विशेष अतिथि के रूप में प्रो. नागेश्वर राव मौजूद रहे। कार्यक्रम की शुरुआत स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा के अनावरण और शौर्य दीवार पर श्रद्धांजलि के साथ हुई।
कुलपति प्रो. नवीन चन्द्र लोहनी ने विश्वविद्यालय की प्रगति रिपोर्ट पेश करते हुए 21 वर्षों की उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय 94 पाठ्यक्रमों, आठ क्षेत्रीय केंद्रों और 144 अध्ययन केंद्रों के जरिए शिक्षा का प्रसार कर रहा है। इस वर्ष हरिद्वार में नया क्षेत्रीय कार्यालय भी खोला गया है। इसके साथ ही एक लाख दस हजार से अधिक निःशुल्क पुस्तकों का वितरण, ‘गांव गौरव’ अभियान और ‘हैलो हल्द्वानी 91.2 एफएम’ जैसी पहलों से समाज को जोड़ा जा रहा है।
दीक्षांत समारोह में शिवर्णा धौनी, मोहित गुनसोला, मोनिका खत्री और विनीता अग्रि सहित 36 मेधावियों को स्वर्ण पदक मिले। वहीं, किरण कुमार, प्रवीण लखेड़ा, प्रीती वर्मा और हिमानी तिवारी पाण्डेय समेत आठ शोधार्थियों को पीएचडी की उपाधि दी गई।
संबोधन के दौरान राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने विद्यार्थियों से शिक्षा के माध्यम से चरित्र निर्माण और समाज सेवा का आह्वान किया। उन्होंने कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) और डिजिटल तकनीक के साथ नैतिक मूल्यों को बनाए रखने की सलाह दी। अंत में उन्होंने उत्तराखंड से पलायन रोकने के लिए पर्यटन, होमस्टे, जैविक खेती और आयुर्वेद जैसे स्थानीय क्षेत्रों में स्वरोजगार अपनाने पर जोर दिया।

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Most Popular

CWN उत्तराखंड समेत देश और दुनिया भर के नवीनतम समाचारों का डिजिटल माध्यम है। अपने विचार या समाचार प्रसारित करने के लिए हमसे संपर्क करें। धन्यवाद

[email protected]

Select Language

© 2025, CWN (City Web News)
Get latest Uttarakhand News updates

To Top
English हिन्दी