अल्मोड़ा/बागेश्वर/चंपावत/पिथौरागढ़
SDG अचीवर्स अवार्ड्स में चमका उत्तराखंड, देश में हासिल किया पहला स्थान
अल्मोड़ा में आयोजित SDG अचीवर्स अवार्ड्स समारोह में सीएम धामी ने विजेताओं को सम्मानित किया। नीति आयोग की रिपोर्ट में उत्तराखंड देश का शीर्ष राज्य बना।
अल्मोड़ा। उदय शंकर नृत्य एवं संगीत अकादमी में भव्य राज्य स्तरीय एसडीजी (SDG) एचीवर्स अवार्ड समारोह आयोजित हुआ। इस विशेष कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। सीएम धामी ने सतत विकास लक्ष्यों की दिशा में बेहतरीन कार्य करने वाले 32 संगठनों, समूहों और प्रबुद्ध व्यक्तियों को सम्मानित किया। नीति आयोग के ताजा सतत विकास सूचकांक में उत्तराखंड ने पूरे देश में पहला स्थान हासिल कर एक नया इतिहास रच दिया है।
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सभी विजेताओं को बधाई दी। उन्होंने कहा कि मजबूत इरादों और सीमित संसाधनों के बावजूद हमारे कर्मयोगियों ने समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का काम किया है। मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा कि राज्य का संतुलित विकास तभी संभव है जब पर्यावरण (इकोलॉजी) और अर्थव्यवस्था (इकोनॉमी) दोनों साथ-साथ चलें। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में राज्य सरकार साल 2030 तक के सभी सतत विकास लक्ष्यों को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है।
इस अवसर पर राज्य की आर्थिक प्रगति के शानदार आंकड़े भी जनता के सामने रखे गए। सामूहिक प्रयासों के चलते उत्तराखंड की जीडीपी (GDP) में 7.23 प्रतिशत की उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। इसके साथ ही राज्य के नागरिकों की प्रति व्यक्ति आय में भी 4.1 प्रतिशत का इजाफा हुआ है। उत्तराखंड ने बेरोजगारी दर में रिकॉर्ड 4.4 प्रतिशत की कमी लाकर राष्ट्रीय औसत से भी बेहतर प्रदर्शन किया है। इन आर्थिक सुधारों से राज्य में रिवर्स पलायन तेजी से बढ़ा है और लोग अपने गांवों की ओर लौट रहे हैं।
कार्यक्रम में उपस्थित केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा ने भी राज्य की इस बड़ी सफलता की सराहना की। उन्होंने कहा कि देश में शीर्ष स्थान पाना प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री धामी के दृढ़ संकल्पों का ही परिणाम है। जिला स्तरीय एसडीजी की वार्षिक रैंकिंग में रुद्रप्रयाग जनपद को पहला स्थान मिला। वहीं उत्तरकाशी और नैनीताल संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर रहे, जबकि बागेश्वर, चमोली और टिहरी ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।
