Report by : CWN Desk
Published at :
सितारगंज: निजी अस्पताल में ऑपरेशन के बाद महिला की मौत; परिजनों ने शव रखकर किया प्रदर्शन

सितारगंज के एक निजी अस्पताल में ऑपरेशन के बाद 27 वर्षीय प्रसूता की मौत हो गई। परिजनों ने डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। सीएमओ ने दिए जांच के आदेश, ओटी सील करने की तैयारी।

सितारगंज। क्षेत्र में एक निजी अस्पताल की कथित लापरवाही के चलते 27 वर्षीय प्रसूता की मौत होने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। कल्याणपुर निवासी उर्मिला देवी पत्नी सुनील कुमार की मंगलवार को ऑपरेशन के बाद मौत हो गई। इस घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने तुरंत अस्पताल गेट पर शव रखकर धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। उन्होंने डॉक्टर और अस्पताल प्रशासन पर गंभीर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है।
मृतका उर्मिला देवी को मंगलवार सुबह प्रसव पीड़ा होने पर पहले उप जिला चिकित्सालय ले जाया गया था। परिजनों का आरोप है कि यहाँ अस्पताल स्टाफ ने उन्हें एक संविदा महिला चिकित्साधिकारी से संपर्क कराया। चिकित्साधिकारी ने खुद को अवकाश पर बताते हुए महिला को किच्छा रोड स्थित अपने निजी क्लीनिक से केयर हॉस्पिटल गौरीखेड़ा भेज दिया। वहाँ ऑपरेशन के बाद महिला ने बच्चे को जन्म दिया, लेकिन कुछ देर बाद ही उसकी हालत बिगड़ने लगी। जब उसे हायर सेंटर रेफर किया गया, तो रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
जैसे ही उर्मिला की मौत की खबर मिली, परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में निजी अस्पताल पहुँचे और न्याय की माँग करते हुए जोरदार हंगामा किया। उन्होंने शव को गेट पर रखकर प्रदर्शन किया। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुँचे और भीड़ को शांत करने की कोशिश की। शाम करीब 5:30 बजे नायब तहसीलदार नरेंद्र गहतोड़ी की मौजूदगी में शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा सका।
इस गंभीर चिकित्सा लापरवाही के आरोप के बाद मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) डॉ. केके अग्रवाल ने घटना की उच्च-स्तरीय जांच के आदेश दे दिए हैं। साथ ही, निजी अस्पताल के ऑपरेशन थिएटर (ओटी) को सील करने की तैयारी की जा रही है। उप जिला चिकित्सालय के अधीक्षक डॉ. कुलदीप यादव ने यह भी बताया कि संबंधित संविदा महिला चिकित्साधिकारी के इस्तीफा देने की सूचना प्राप्त हुई है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›