Report by : CWN Desk
Published at :
बाघ के हमले में महिला की मौत, ग्रामीणों में दहशत

कोटद्वार। विकासखंड नैनीडांडा के अंतर्गत ग्राम जमुण में बाघ के हमले से एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। सूचना मिलने पर कालागढ़ टाइगर रिजर्व फॉरेस्ट वन प्रभाग की टीम मौके पर पहुंच गई और स्थिति का जायजा लिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम जमुण निवासी राजू भदूला की पत्नी गुड्डी देवी (55) को बाघ उनके घर के आंगन से उठा ले गया। परिजनों और ग्रामीणों ने शोर मचाया और उसकी तलाश शुरू की, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी। काफी खोजबीन के बाद घर से कुछ दूरी पर झाड़ियों में गुड्डी देवी का अधखाया शव मिला। इस घटना से ग्रामीणों में भय और आक्रोश व्याप्त है।

गांव के निवासी अजय भदूला ने बताया कि लंबे समय से बाघ का आतंक जारी है। इस संबंध में कई बार वन विभाग को सूचना दी गई, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और बाघ को पकड़ने की मांग की है।

कालागढ़ टाइगर रिजर्व फॉरेस्ट वन प्रभाग के प्रभागीय वनाधिकारी राहुल मिश्रा ने बताया कि प्रभावित क्षेत्र में टीम से संपर्क न हो पाने के कारण पूरी स्थिति की जानकारी नहीं मिल पा रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि टीम को अलर्ट कर दिया गया है और आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

गांव में इस घटना के बाद दहशत का माहौल है और लोग अपने घरों से बाहर निकलने से डर रहे हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द बाघ को पकड़ा जाए और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दिया जाए।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›