Report by : CWN Desk
Published at :
पौड़ी गढ़वाल के बुरासी गांव में भूस्खलन से दो महिलाओं की मौत, कई मवेशी भी दबे, ग्रामीणों में दहशत

पौड़ी। उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी बारिश ने जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। पौड़ी गढ़वाल के बुरासी गांव में बुधवार सुबह भारी भूस्खलन के कारण दो महिलाओं की मलबे में दबने से दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कई मवेशी भी भूस्खलन की चपेट में आकर मारे गए। तेज बारिश के चलते हुए इस हादसे से गांव में भारी नुकसान हुआ है और लोग दहशत में हैं।
मृतकों की पहचान बिमला देवी (पत्नी स्व. बलवंत सिंह भंडारी) और आशा देवी (पत्नी स्व. प्रेम सिंह नेगी) के रूप में हुई है। हादसे के वक्त दोनों महिलाएं अपने घरों में थीं, जब अचानक भारी मात्रा में मलबा घरों पर आ गिरा। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
भूस्खलन की चपेट में अमर सिंह का आवासीय भवन और गौशाला भी आ गई, जिसमें कई मवेशी मलबे में दबकर मर गए। इससे ग्रामीणों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। इसके अलावा पास के सैजी गांव में भी कई घरों को नुकसान पहुंचा है।
जनकल्याण सामाजिक समिति ने इस दुखद हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है और प्रशासन से मांग की है कि पीड़ित परिवारों को शीघ्र राहत व मुआवजा दिया जाए। साथ ही समिति ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे सतर्क रहें, मौसम की चेतावनियों को गंभीरता से लें और संभव हो तो सुरक्षित स्थानों पर शरण लें।
प्राकृतिक आपदाओं के इस दौर में शासन-प्रशासन से तत्काल राहत कार्य और दीर्घकालिक सुरक्षा उपायों की आवश्यकता है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›