अल्मोड़ा/बागेश्वर/चंपावत/पिथौरागढ़
अल्मोड़ा के दुगालखोला में तेंदुए का हमला, महिला ने दिखाई बहादुरी
अल्मोड़ा के दुगालखोला में घर के आंगन में काम कर रही महिला पर तेंदुए ने हमला किया। चीख-पुकार और शोर के बाद तेंदुआ भागा। इलाके में फैली दहशत।
अल्मोड़ा। नगर स्थित दुगालखोला क्षेत्र में रविवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक तेंदुए ने घर के आंगन में काम कर रही महिला पर अचानक हमला कर दिया। इस हमले में महिला के हाथ पर गहरे घाव आए हैं। अचानक हुए इस हादसे के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, दुगालखोला निवासी बबीता वर्मा अपने घर के आंगन में दैनिक कार्य निपटा रही थीं। इसी दौरान घात लगाकर बैठे तेंदुए ने उन पर झपट्टा मार दिया। घबराने के बावजूद बबीता ने हिम्मत दिखाते हुए अपना बचाव किया और चीखना-चिल्लाना शुरू कर दिया। महिला की आवाज सुनकर आसपास के लोग तुरंत दौड़े और शोर मचाया, जिसके बाद तेंदुआ जंगल की तरफ भाग गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन और वन विभाग की टीम मौके पर पहुँची तथा स्थिति का जायजा लिया। स्थानीय निवासियों का कहना है कि रात के अंधेरे के अलावा अब दिन के उजाले में भी तेंदुए की चहलकदमी बढ़ गई है, जिससे लोगों का अपने घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है।
क्षेत्रीय निवासियों ने वन विभाग से दुगालखोला और आसपास के इलाकों में गश्त बढ़ाने तथा तेंदुए को जल्द से जल्द पकड़ने के लिए पिंजरा लगाने की माँग की है। लोगों का मानना है कि यदि समय रहते कड़े कदम नहीं उठाए गए, तो भविष्य में कोई बड़ी अनहोनी हो सकती है।
