Connect with us

अल्मोड़ा/बागेश्वर/चंपावत/पिथौरागढ़

अल्मोड़ा में दर्दनाक हादसा: बर्थडे मनाकर लौट रहे इकलौते बेटे की सड़क हादसे में मौत

Published

on

खबर शेयर करें 👉

अल्मोड़ा के लोअर माल रोड पर तेज रफ्तार स्कूटी ट्रक से टकराई। दोस्त का जन्मदिन मनाकर लौट रहे बख गांव के इकलौते बेटे संदीप आर्या ने इलाज के दौरान तोड़ा दम।

अल्मोड़ा। उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है। दोस्त की बर्थडे पार्टी मनाकर स्कूटी से वापस लौट रहे एक इकलौते बेटे की सड़क हादसे में मौत हो गई। यह भीषण दुर्घटना सोमवार देर रात एसएसजे यूनिवर्सिटी गेट के पास लोअर माल रोड पर हुई। इस हादसे के बाद मृतक युवक के परिवार में कोहराम मच गया है।
जानकारी के अनुसार, बख गांव का रहने वाला संदीप आर्या अपने दोस्त विजय कुमार का जन्मदिन मनाने एक होटल गया था। देर रात जश्न मनाकर दोनों स्कूटी से वापस घर लौट रहे थे। तभी न्यू इंदिरा कॉलोनी क्षेत्र के पास एक तीखे मोड़ पर तेज रफ्तार स्कूटी सीधे सामने से आ रहे ट्रक से टकरा गई। चश्मदीदों के मुताबिक स्कूटी की रफ्तार बहुत ज्यादा थी, जिससे चालक नियंत्रण खो बैठा।
सबसे बड़ी लापरवाही यह रही कि दोनों युवकों ने हेलमेट नहीं पहना था। ट्रक के टायर से टकराने के कारण स्कूटी चालक संदीप के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं। वहीं उसके दोस्त विजय के पैर और छाती में चोट लगी। स्थानीय राहगीरों और युवाओं ने तुरंत तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को नजदीकी अल्मोड़ा मेडिकल कॉलेज के बेस अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में संदीप की नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे तुरंत हायर सेंटर रेफर कर दिया। डॉक्टरों के तमाम प्रयासों के बावजूद सघन इलाज के दौरान मंगलवार को संदीप ने दम तोड़ दिया। इकलौते बेटे की मौत से मां-बाप का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Select Language

Advertisement