उधमसिंह नगर
काशीपुर में 22 वर्षीय युवती मेहबिश की गोली मारकर हत्या, साजिद फरार
काशीपुर के महुआखेड़ागंज में 22 वर्षीय मेहबिश की पड़ोस के घर में गोली मारकर हत्या। आरोपी साजिद फरार, पुलिस और फॉरेंसिक टीम जांच में जुटी।
उधमसिंह नगर। जिले स्थित काशीपुर से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। आईटीआई कोतवाली क्षेत्र के महुआखेड़ागंज में गुरुवार दोपहर 22 वर्षीय युवती की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल व्याप्त हो गया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
मृतक युवती की पहचान मेहबिश के रूप में हुई है, जो काशीपुर के राधेहरि राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय से बीए अंतिम वर्ष उत्तीर्ण कर चुकी थी। घटना के समय वह पड़ोस के एक घर में गई थी, जहां संदिग्ध परिस्थितियों में उसे गोली मार दी गई। हत्या के बाद आरोपी पड़ोसी साजिद अपने परिवार के साथ मौके से फरार हो गया है।
घटना की सूचना पर आईटीआई कोतवाली पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने तुरंत पहुंचकर घटनास्थल को सील किया। फॉरेंसिक टीम ने मौके से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और घटना से जुड़ी हर एक कड़ी को जोड़ने का प्रयास कर रही है। आरोपी साजिद की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।
22 वर्षीय मेहबिश अपने चार भाई-बहनों में सबसे छोटी थी और उसने हाल ही में अपनी ग्रेजुएशन पूरी की थी। इस अचानक हुई दुखद घटना से मृतका के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस का कहना है कि हत्या के मुख्य कारणों का पता आरोपी की गिरफ्तारी और जांच पूरी होने के बाद ही चल पाएगा।
