Connect with us

उत्तराखण्ड

खटीमा में सीएम धामी का बड़ा ऐलान: 60 पार महिलाओं को बस सफर मुफ्त, 10 नई पिंक बसें होंगी शुरू

Published

on

खबर शेयर करें 👉

रक्षाबंधन पर खटीमा में सीएम पुष्कर सिंह धामी का बड़ा ऐलान! 60 वर्ष से अधिक महिलाओं को मुफ्त बस यात्रा, 10 नई पिंक बसें और स्वरोजगार योजना की राशि बढ़ाने की घोषणा।

खटीमा: रक्षाबंधन के पावन पर्व पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश की महिलाओं को कई बड़ी सौगातें दी हैं। उधम सिंह नगर जिले के खटीमा स्थित चकरपुर स्टेडियम में आयोजित भव्य रक्षाबंधन समारोह में मुख्यमंत्री ने महिला सशक्तीकरण की दिशा में कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। इस दौरान उन्होंने 60 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं को राज्य की सरकारी बसों में निशुल्क यात्रा की सुविधा देने का बड़ा ऐलान किया।
समारोह में मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि प्रधानमंत्री ई-बस सेवा के तहत प्रदेश में महिलाओं की सुरक्षित और सुगम यात्रा के लिए 10 नई पिंक ई-बसें संचालित की जाएंगी। इसके साथ ही उन्होंने महिला स्वरोजगार योजना के अंतर्गत दी जाने वाली दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता राशि को बढ़ाने की बात भी कही। कार्यक्रम में पहुंची सैकड़ों बहनों ने मुख्यमंत्री को राखी बांधकर उनके दीर्घायु और सफल नेतृत्व की कामना की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि रक्षाबंधन केवल एक त्योहार नहीं, बल्कि भाई-बहन के अटूट प्रेम और विश्वास का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। राज्य में सरकारी सेवाओं में महिलाओं को 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण दिया गया है तथा समान नागरिक संहिता (UCC) लागू कर महिलाओं के अधिकारों को और अधिक मजबूती दी गई है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में अब तक 3 लाख 9 हजार से अधिक महिलाएं ‘लखपति दीदी’ बन चुकी हैं, जो राज्य के लिए एक बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने स्वयं सहायता समूहों को 5 लाख रुपये तक का ब्याज मुक्त ऋण देने और महिला उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने के संकल्प को दोहराया। कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधि, पुलिस-प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय महिलाएं उपस्थित रहीं।

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Select Language

Advertisement