उत्तराखण्ड
धामी सरकार की 5 वर्षों की उपलब्धियों पर विशेष म्यूजिक एल्बम रिलीज, CM ने किया विमोचन
CM पुष्कर सिंह धामी ने अपने 5 वर्षों के सफल कार्यकाल पर आधारित एल्बम गीत का विमोचन किया। गीत-संगीत से राज्य की विकास यात्रा जन-जन तक पहुंचेगी।
देहरादून (उत्तराखंड): उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को मुख्यमंत्री कैम्प कार्यालय में एक विशेष एल्बम गीत का विमोचन किया। यह एल्बम पंचवटी फिल्म्स प्रोडक्शन एवं आदर्श औद्योगिक स्वायत्त सहकारिता (आदर्श संस्था) द्वारा तैयार किया गया है। यह गीत मुख्यमंत्री के पांच वर्षों के सफल कार्यकाल की प्रमुख उपलब्धियों और राज्य में हुए विकास कार्यों पर आधारित है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने एल्बम से जुड़े निर्माता-निर्देशक, गीतकार, संगीतकार और गायकों को सम्मानित किया और उनके प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की विकास यात्रा और राज्य में आ रहे सकारात्मक बदलावों को गीत-संगीत के माध्यम से जन-जन तक पहुंचाने का यह प्रयास बेहद अभिनव और सराहनीय है। राज्य की समृद्ध संस्कृति और परंपराओं को सहेजते हुए विकास कार्यों को गति दी जा रही है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड के समग्र और समावेशी विकास के लिए निरंतर समर्पित भाव से कार्य कर रही है। प्रदेश में रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर बढ़ाए जा रहे हैं। इसके साथ ही पर्यटन को बढ़ावा देने, महिला सशक्तिकरण और युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए विशेष योजनाएं लागू की जा रही हैं, जिससे देवभूमि की विशिष्ट पहचान और अधिक मजबूत हो रही है।
इस अवसर पर आदर्श संस्था की अध्यक्ष श्रीमती आशा कोठारी ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया और उनके नेतृत्व में लिए गए जनहित निर्णयों की प्रशंसा की। कार्यक्रम में एल्बम के निर्माता उत्तम सिंह भंडारी, गायक विक्रम भंडारी व शिवानी नेगी, और संगीतकार विजयपाल कलूड़ा को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन संस्था के सचिव हरीश कोठारी ने किया, जिसमें कई स्थानीय जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
