हल्द्वानी
बाबा नीम करोली की फिल्म ‘हनुमान अंश’ के पार्ट-2 का ऐलान, दिखेगी कैंची धाम की गाथा
100 करोड़ से अधिक की कमाई करने वाली ‘हनुमान अंश’ के पार्ट-2 की तैयारी शुरू हो गई है। निर्देशक डॉ. विशाल चतुर्वेदी इसमें कैंची धाम की कहानी दिखाएंगे।
हल्द्वानी। बाबा नीम करोली के जीवन पर आधारित सुपरहिट फिल्म ‘हनुमान अंश’ के पार्ट-2 की आधिकारिक तैयारी शुरू हो गई है। फिल्म के निर्देशक डॉ. विशाल चतुर्वेदी ने इसकी घोषणा की है। इस नए भाग में नैनीताल स्थित विश्व प्रसिद्ध कैंची धाम की स्थापना और उसकी आध्यात्मिक यात्रा की कहानी मुख्य रूप से दिखाई जाएगी।
बाबा नीम करोली 1960 के दशक की शुरुआत में कैंची पहुंचे थे और 15 जून 1964 को वहां हनुमान मंदिर तथा आश्रम की स्थापना हुई थी। निर्देशक डॉ. विशाल चतुर्वेदी वर्ष 2006 में अपनी पोस्टिंग के दौरान कई बार कैंची धाम गए थे। वहां बाबा की शिक्षाओं से मिले जुड़ाव ने ही करीब दो दशकों बाद उन्हें इस फिल्म के निर्माण की प्रेरणा दी।
लगभग 2 करोड़ रुपये के सीमित बजट में बनी ‘हनुमान अंश’ की सफलता ने पूरी फिल्म इंडस्ट्री को चौंका दिया है। शुरुआत में महज 25 स्क्रीन पर सिमटने के बाद, दर्शकों के बेहतरीन रिस्पॉन्स के चलते यह फिल्म 1,200 स्क्रीन तक पहुंची। 4 सितंबर तक फिल्म ने करीब 107 करोड़ रुपये का शानदार कारोबार कर इतिहास रच दिया है।
पेशे से डॉक्टर रहे 42 वर्षीय विशाल चतुर्वेदी के निर्देशन में बनी इस फिल्म ने अपनी लागत से 50 गुना से ज्यादा की कमाई की है। अब दर्शकों को ‘हनुमान अंश’ के पार्ट-2 का बेसब्री से इंतजार है। इसमें कैंची धाम, काकड़ीघाट, हनुमानगढ़ी और भूमियाधार जैसे पवित्र स्थलों की महिमा को पर्दे पर उतारा जाएगा।
