Report by : CWN Desk
Published at :
हरिद्वार और नैनीताल में भारी बारिश का अलर्ट, 5 सितंबर को स्कूल बंद

उत्तराखंड के हरिद्वार और नैनीताल जिलों में 5 सितंबर को भारी बारिश के अलर्ट के बाद डीएम के आदेश पर सभी स्कूलों व आंगनबाड़ी केंद्रों में छुट्टी घोषित।

हल्द्वानी। उत्तराखंड के पर्वतीय और मैदानी क्षेत्रों में जारी मूसलाधार बारिश के चलते जिला प्रशासनों ने सुरक्षात्मक कदम उठाए हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) द्वारा 5 सितंबर 2026 को भारी वर्षा, तेज गर्जन और आकाशीय बिजली चमकने का अलर्ट जारी किया गया है। इसके मद्देनजर हरिद्वार और नैनीताल जनपदों में कक्षा 1 से 12 तक के सभी विद्यालयों तथा आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिवसीय अवकाश घोषित किया गया है।
हरिद्वार जिले में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने आपदा प्रबंधन अधिनियम-2005 की धारा-30(2) का प्रयोग करते हुए यह निर्देश जारी किया है। मौसम विभाग ने जिले में तीव्र बारिश और नदियों के जलस्तर में बढ़ोतरी की आशंका जताई है। इसके तहत 5 सितंबर (शनिवार) को जनपद के समस्त शासकीय, परिषदीय, सहायता प्राप्त और निजी स्कूल बंद रहेंगे। उल्लंघन करने वाले संस्थानों पर सख्त दंडात्मक कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।
दूसरी ओर, नैनीताल जिले में जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने भी बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए 5 सितंबर को सभी शैक्षणिक संस्थानों में अवकाश के आदेश दिए हैं। हालांकि, नैनीताल शहर के उन आवासीय स्कूलों और बोर्डिंग हाउस पर यह आदेश प्रभावी नहीं होगा, जहाँ छात्र और पढ़ाई की व्यवस्था एक ही परिसर में स्थित है।
पहाड़ी और मैदानी क्षेत्रों में लगातार हो रही वर्षा के कारण जलभराव, भूस्खलन और सड़कों के अवरुद्ध होने का जोखिम काफी बढ़ गया है। आपदा प्रबंधन अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में मुस्तैद रहने के निर्देश दिए गए हैं। अभिभावकों और छात्रों से अपील की गई है कि वे मौसम विभाग की चेतावनियों का ध्यान रखें और सुरक्षित रहें।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›