Report by : Paras Bisht
Published at :
10 दिन बाद था निकाह, बाघ ने युवती को बनाया निवाला

मवेशियों के लिए चारा लेने गई जंगल गई थी युवती, तब बाघ ने किया हमला
रामनगर। कॉर्बेट पार्क से सटे अमानगढ़ रेंज में सोमवार को मवेशियों के लिए चारा लेने गई युवती पर बाघ ने हमला कर दिया। परिजन उसे बिजनौर जिले में शेरकोट कस्बे के एक अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टर ने युवती को मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि युवती का 25 जनवरी को निकाह होना तय था। घटना से घर में निकाह की खुशियां मातम में बदल गईं।
सोमवार को हुई यह घटना कॉर्बेट पार्क और तराई पश्चिम वन प्रभाग से सटे यूपी के अमानगढ़ वन रेंज की है। यहां झूलोखत्ता निवासी गुर्जर समुदाय के मासूम अली उर्फ निक्का अपनी बेटी दिलबीवी (20 वर्ष) के साथ कंपार्टमेंट 50 में मवेशियों के लिए चारा लेने गए थे। इसी दौरान घात लगाए बैठे बाघ ने दिलबीवी पर हमला कर दिया। साथ में चारा काट रहे मासूम अली बेटी को बचाने के लिए बाघ से भिड़ गए। काफी देर संघर्ष के बाद उन्होंने बेटी को किसी तरह से बाघ के चंगुल से छुड़ा लिया। युवती को गंभीर घायल कर भाग निकला। बाद में लोगों की मदद से मासूम अली बेटी को शेरकोट कस्बे के अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टर ने युवती को मृत घोषित कर दिया।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›