Report by : राम सिंह, अल्मोड़ा
Published at :
अल्मोड़ा धौलछीना क्षेत्र के दो सगे भाइयों से 11 लाख की ठगी, पत्नी के गहने गिरवी रख गंवाए रुपये

विदेश में नौकरी लगाने के नाम पर चंडीगढ़ के एक व्यक्ति ने की ठगी, मुकदमा दर्ज
अल्मोड़ा।
धौलछीना क्षेत्र के दो सगे भाइयों से विदेश में नौकरी लगाने के नाम पर चंडीगढ़ के एक व्यक्ति ने 11 लाख रुपये की ठगी कर ली। आरोपी ने दोनों को फर्जी वीजा और ऑफर लेटर भेजकर अपने झांसे में लिया। दोनों ने पत्नी के गहने बैंक में गिरवी रखकर ऋण लिया और विदेश में नौकरी के लालच में बढ़ी रकम गंवा डाली। ठगी का अहसास होने पर पीड़ित ने पुलिस में तहरीर देकर पैसा वापस दिलाने की गुहार लगाई है। पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
धौलछीना क्षेत्र के नौगांव निवासी संतोष कुमार ने पुलिस को तहरीर दी है। इसमें बताया कि कुछ समय पूर्व उसके चचेरे भाई के जरिये उसकी और उसके सगे भाई मिथुन की पहचान चंडीगढ़ निवासी एक व्यक्ति से हुई। उसने दोनों भाइयों को अजरबेजान में चालक की नौकरी दिलाने का लालच दिया। दोनों को उसने देहरादून बुलाया। विदेश में नौकरी लगाने के नाम पर उसने दोनों को फर्जी वीजा और ऑफर लेटर भी दे डाला। इसके एवज में उसने उनसे 11,10,000 रुपये मांगे। दोनों भाइयों ने नौकरी के लालच में पत्नी के जेवर बैंक में गिरवी रख ऋण लिया और उसे 8,00,000 रुपये नकद दिए जबकि 3,10000 रुपये खाते में ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद उसने उन्हें दो बार दिल्ली भी बुलाया। लंबे समय बाद जब नौकरी विदेश जाने की कोई कार्रवाई नहीं हुई तो तब उन्हें ठगी का अहसास हुआ। पीड़ितों ने जब आरोपी से पैसे वापस मांगे तो वह मुकर गया। थानाध्यक्ष सुशील कुमार ने कहा कि पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। एसएसपी देवेंद्र पींचा ने कहा कि मामले की गंभीरता से जांच कर पीड़ितों को धनराशि वापस दिलाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
पैसा वापस मांगने पर मिल रही है जान से मारने की धमकी
अल्मोड़ा। पीड़ित संतोष ने आरोप लगाते हुए कहा कि कई बार वह आरोपी से पैसा वापस देने की मांग कर चुके हैं। कहा कि आरोपी पैसा वापस मांगने पर उसे जान से मारने की धमकी दे रहा है, इससे वह और उसके परिवार वाले डरे हैं।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›