Report by : कालू वर्मा
Published at :
दून-दिल्ली निर्माणाधीन एक्सप्रेस-वे पर कार दुर्घटना में 11 महीने के मासूम की मौत, मां-बाप और दादी गंभीर घायल

देहरादून। दून और दिल्ली के बीच निर्माणाधीन एक्सप्रेस-वे पर सहारनपुर से दून आ रहे परिवार की कार सामने से आते हाइड्रा से जा टकराई। इस हादसे में कार सवार 11 महीने के मासूम की मौत हो गई। जबकि, उसके मां-बाप और दादी गंभीर घायल हो गई, जिनका एक अस्पताल में उपचार चल रहा है।
एसओ क्लेमनटाउन दीपक धारीवाल के अनुसार, सोमवार सुबह करीब साढ़े दस बजे आशारोड़ी इलाके में सड़क हादसे की सूचना मिली। पुलिस मौके पर पहुंची तो पता चला कि हाइड्रा से कार टकरा गई थी। इस कार में उषा रानी (55), उनका बेटा गौरव कुमार (31), स्वीटी (26) पत्नी गौरव और उनका 11 महीने का बेटा सार्थक निवासी नंदा एन्क्लेव हरभजवाला सवार थे। चारों लोगों को एंबुलेंस से पास के निजी अस्पताल भिजवाया गया। लेकिन, डॉक्टरों ने सार्थक को मृत घोषित कर दिया। दंपति औउ उनकी मां गंभीर रूप से घायल है। इधर, एसओ दीपक धारीवाल के मुताबिक, इस हादसे के बाद पुलिस ने हाइड्रा और कार को कब्जे में ले लिया। मासूम के परिजनों की तहरीर पर पुलिस हाइड्रा चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज करेगी।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›