नई दिल्ली
12 फुट लंबा किंग कोबरा रेस्क्यू, पछवादून में अब तक का तीसरा मामला
देहरादून। जिले के कालसी वन प्रभाग की चौहड़पुर रेंज में एक विशालकाय किंग कोबरा को रेस्क्यू किया गया। यह घटना होरावाला के राजौली क्षेत्र की है, जहां एक घर में लगभग 12 फुट लंबा किंग कोबरा घुस गया था। इतने बड़े विषधर को देखकर लोगों की सांसें थम गईं। सूचना मिलते ही रेंजर पंकज ध्यानी के नेतृत्व में वन विभाग की टीम, जिसमें वन दरोगा स्वाति, वन आरक्षी पवन उपाध्याय, वीरेंद्र और सर्प मित्र आदिल मिर्जा शामिल थे, मौके पर पहुंची।
करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद किंग कोबरा को सुरक्षित रेस्क्यू कर चांदपुर बीट के आरक्षित वन क्षेत्र में छोड़ा गया। पछवादून में यह तीसरा मामला है, इससे पहले कुंजा और राजौली में भी किंग कोबरा को पकड़ा जा चुका है।
किंग कोबरा को सांपों का राजा कहा जाता है, क्योंकि यह अन्य सांपों को भी अपना शिकार बनाता है। इसकी लंबाई 20 फुट तक हो सकती है और यह सबसे लंबा विषैला सर्प होता है। इसका जहर न्यूरोटॉक्सिक होता है जो केंद्रीय तंत्रिका तंत्र को प्रभावित करता है।
