Report by : CWN Desk
Published at :
उत्तराखंड से 1468 मोमिन करेंगे हज यात्रा

772 पुरुष और 696 महिलाओं का हज यात्रा के लिए चयन

देहरादून। उत्तराखंड से हज यात्रा के लिए आवेदकों में से चयन हो गया है। अल्पसंख्यक मंत्रालय की ओर से रेंडम डिजिटल मोड में की गई कुर्राअंदाजी में 1718 में से 1468 मोमिनों का चयन किया गया है। इनमें रिजर्व कैटेगरी 70 साल से ज्यादा उम्र के 108 और बिना मेहरम महिला 12 शामिल हैं। मैसेज के माध्यम से लोगों को उनके चयन की सूचना दे दी गई है। 772 पुरुष और 696 महिला हज यात्रा करेंगी।
उत्तराखंड हज कमेटी के अध्यक्ष खतीब अहमद और सचिव मोहम्मद मीशम के मुताबिक उत्तराखंड से 1718 लोगों ने आवेदन किया था। रेंडम डिजिटल मोड में कुर्राअंदाजी के बाद 1468 का चयन किया गया है। सभी को मैसेज भेजे गए हैं। हाजियों से अपील है कि वह अपनी तैयारियां पूरी रखें, जल्द ही खर्च की डिटेल एवं पहली किश्त के लिए सर्कुलर आ जाएगा। मई के आखिरी या जून के शुरू में फ्लाइट जाएगी। कोरोना टीके की दूसरी डोज लगवाने के लिए कहा गया है।
31 मार्च को अल्पसंख्यक मंत्रालय द्वारा ऑनलाइन रेंडम कुर्राअंदाजी में उत्तराखंड को 1072 सीटों का कोटा दिया गया। जिसमें हरिद्वार के सभी लोगों का चयन हो गया, यूएसनगर, दून, नैनीताल समेत अन्य जिलों को कम सीटें मिली। जिससे आवेदकों में मायूसी छा गई और उनके फोन घनघनाने शुरू हो गए। जिस पर तत्काल संज्ञान लेकर इन्हें बढ़वाने का अध्यक्ष खतीब अहमद और सचिव मोहम्मद मीशम ने प्रयास किया। मंत्रालय में संपर्क किया गया और अध्यक्ष दिल्ली भी पहुंच गए। जिसके बाद कोटा बढ़ाकर 1468 कर दिया गया, जो पहली बार में मिला अब तक का सर्वाधिक कोटा है। 2019 में 1238 का कोटा मिला था। अध्यक्ष खतीब अहमद के मुताबिक अब 250 लोग रह गए हैं। इनके लिए प्रयास किया जा रहा है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›