Report by : CWN Desk
Published at :
गेम खेलने से रोका तो 15 वर्षीय छात्र ने की आत्महत्या, घर में अकेले लगाई फांसी

देहरादून। मोबाइल पर गेम खेलने से मना करने और डांट लगने के बाद एक 15 वर्षीय छात्र ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। यह हृदयविदारक घटना बुधवार शाम शास्त्रीनगर खाला क्षेत्र में सामने आई। मृतक छात्र दसवीं कक्षा में पढ़ता था और घटना के समय घर में अकेला था।

बसंत विहार थाना प्रभारी प्रदीप रावत ने बताया कि मृतक की पहचान राजन कुमार पुत्र रामवृक्ष साहनी के रूप में हुई है। राजन के माता-पिता दोनों किसी काम से घर से बाहर गए हुए थे। शाम को जब वे लौटे तो घर का मुख्य दरवाजा बंद मिला। बार-बार दस्तक देने के बाद भी दरवाजा न खुलने पर उन्होंने दरवाजा तोड़ा। अंदर जाकर देखा तो राजन टिनशेड की छत के पाइप से फंदे पर लटका मिला। परिजन तुरंत उसे पास के निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस जांच में सामने आया कि राजन मोबाइल पर अधिक समय तक गेम खेलने का आदी था। घटना वाले दिन सुबह परिजनों ने उसे गेम खेलने से रोका और हल्की फटकार लगाई थी। इससे आहत होकर उसने यह कदम उठाया।

पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है और मामले की जांच जारी है। यह घटना अभिभावकों और समाज के लिए एक गहरी चेतावनी है कि बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य को लेकर सतर्क और संवेदनशील रहने की आवश्यकता है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›