नैनीताल
नैनीताल में 17 वर्षीय किशोरी हुई गर्भवती, अस्पताल से गायब; पुलिस जांच शुरू
नैनीताल के बीडी पांडे अस्पताल में 17 वर्षीय किशोरी के गर्भवती होने की पुष्टि हुई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस से पहले ही किशोरी मां संग गायब हो गई।
नैनीताल। जिले से एक संवेदनशील और चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां के एक दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्र की 17 वर्षीय नाबालिग किशोरी के गर्भवती होने की पुष्टि हुई है। बीडी पांडे जिला अस्पताल में जांच के दौरान मामला सामने आने के बाद हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, सोमवार को किशोरी अपनी मां के साथ बीडी पांडे जिला अस्पताल पहुंची थी। उसने स्त्री रोग विशेषज्ञ को बताया कि उसे पिछले छह महीनों से माहवारी नहीं आई है। डॉक्टर की सलाह पर जब किशोरी का अल्ट्रासाउंड कराया गया, तो जांच रिपोर्ट में उसके गर्भवती होने की बात सामने आई।
किशोरी के पहचान संबंधी दस्तावेजों की जांच करने पर उसकी उम्र 17 वर्ष 8 माह पाई गई। मरीज के नाबालिग होने के कारण अस्पताल प्रबंधन ने तुरंत इसकी सूचना मल्लीताल कोतवाली पुलिस को दी। हालांकि, पुलिस टीम के अस्पताल पहुंचने से पहले ही किशोरी अपनी मां के साथ चुपचाप वहां से चली गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए मल्लीताल कोतवाली पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस किशोरी और उसके परिजनों से संपर्क साधने का प्रयास कर रही है। कोतवाल राजेंद्र सिंह रावत ने बताया कि अस्पताल से मिली सूचना के आधार पर पूरी स्थिति की जानकारी जुटाई जा रही है और नियमानुसार आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
