Report by : CWN Desk
Published at :
मोबाइल में एंटी वायरस डलवाने के नाम पर कारोबारी के खाते से 24 लाख रुपये उड़ाए

आफिस वर्कर को कारोबारी ने दिया था मोबाइल, मुकदमा दर्ज
देहरादून
। मोबाइल में एंटी वायरस डलवाने के लिए आफिस वर्कर को मोबाइल देना कारोबारी को भारी पड़ गया। आरोपित ने खाते से 24 लाख रुपये अपने खाते में ट्रांसफर कर दिए और फरार हो गया।
पीड़ित की तहरीर पर वसंत विहार थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। राहुल अग्रवाल निवासी कांवली वसंत विहार ने बताया कि उनका जीएमएस रोड पर अग्रवाल इंटरप्राइसेस नाम से कार्यालय है और वह सर्जिकल सामान का व्यापार करते हैं।
शिकायतकर्ता ने बताया कि उनके कार्यालय में स्वागतम पात्रा निवासी बी 190 समर पार्क नियानिया इंदौर मध्य प्रदेश वर्तमान निवासी कावली गांव पिछले आठ महीने से कार्य कर रहा था। मोबाइल में कुछ खराबी होने के चलते उन्होंने स्वागतम को एक मार्च को अपने मोबाइल में एंटी वायरस डलवाने के लिए दिया। मोबाइल ठीक करने के लिए स्वागतम आफिस की स्कूटी भी ले गया।
शाम को उन्हें पता चला कि आरोपित ने यश बैंक के खाते से 23 लाख 70 हजार रुपये अपने खाते में ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद वह मोबाइल व स्कूटी लेकर फरार हो गया। वसंत विहार थानाध्यक्ष महादेव उनियाल ने बताया कि शिकायत के आधार पर आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपित की तलाश की जा रही है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›