Connect with us

उत्तराखण्ड

भारत तिब्बत सीमा पुलिस बल के दीक्षांत परेड में 27 युवा अधिकारी बल में शामिल

Published

on

खबर शेयर करें 👉

परेड ग्राउंड में आयोजित समारोह में उत्तराखंड के तरुण बिष्ट सर्वश्रेष्ठ कैडेट चुने गए

मसूरी। मसूरी स्थित भारत तिब्बत सीमा पुलिस बल अकादमी परेड ग्राउंड में सोमवार को दीक्षांत परेड में 27 युवा अधिकारी बल में शामिल हुए। परेड की सलामी मुख्य अतिथि आईटीबीपी के महानिदेशक अनीश दयाल सिंह ने ली। अफसरों और परिजनों ने पास आउट कैडेटों के कंधों पर सितारे सजाए।
आईटीबीपी के महानिदेशक अनीश दयाल सिंह ने पास आउट होने वाले अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि बल को नव सैन्य अधिकारियों से बड़ी अपेक्षाएं हैं। प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों ने हर चुनौती का सामना करने का प्रशिक्षण लिया है, जिसे जीवन में उतारें और आईटीबीपी की पुरानी परंपरा के निर्वहन के साथ नये विचारों का समावेश करें। कहा कि आज आईटीबीपी लगातार महिला सशक्तिकरण के लिए कार्य कर रहा है, जिसकी बदौलत बल में लगातार महिलाओं की सख्या बढ़ रही है। आईटीबीपी की महिला जवान सीमाओं से लेकर हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रही हैं।
अकादमी के निदेशक आईजी पीएस डंगवाल ने नव सैन्य अधिकारियों के परिजनों का आभार जताते हुए कहा कि उन्होंने अपने बेटों को देश की सुरक्षा के लिए समर्पित किया है। पास आउट होने वालों में 14 सहायक सेनानी जीडी, 12 सहायक सेनानी चिकित्सा, एक सहायक सेनानी (वैट) है। इनमें राजस्थान से चार, महाराष्ट्र से तीन, उत्तर प्रदेश, झारखंड, केरल, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश से दो-दो, आंध्र प्रदेश, बिहार, छत्तीसगढ़, दिल्ली, हिमाचल, तमिलनाडू, तेलगांना, कर्नाटक, लेह लद्दाख, एवं असम से एक-एक कैडेट शामिल हैं। इस मौके पर उपनिदेशक अकादमी डीआईजी राजेश शर्मा, डीआईजी अजय पाल, सेनानी प्रशासन सोभन सिंह राणा, सेनानी प्रशिक्षण सुकुमार जीजू, जनसंपर्क अधिकारी धमेंद्र भंडारी आदि मौजूद रहे। इस अवसर पर आईटीबीपी के कंमाडों और कराटे टीम ने हैरतअंगेज करतब भी दिखाए।
प्रशिक्षण के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले कैडेटों को सम्मानित किया गया। गृहमंत्री सॉर्ड ऑफ ऑनर और सर्वश्रेष्ठ आउटडोर कैडेट का पुरस्कार उत्तराखंड निवासी तरुण बिष्ट, खेलों में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए हिमांशु पलरिया, सर्वश्रेष्ठ इंडोर कैडेट अरविन कुमार एम और कंबेटाईजेशन कोर्स में सागर बालू को बेस्ट ट्रेनी और रिशू रंजन को बेस्ट इंनडोर ट्रेनी का खिताब दिया गया।

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Select Language

Advertisement