Report by : CWN Desk
Published at :
बाजपुर में चार दिन से लापता 3 वर्षीय मासूम का शव घर के सामने नहर में मिला

बाजपुर। चार दिन से लापता चल रहे 3 वर्षीय मासूम का शव घर के सामने से गुजर रही नहर में मिला। बच्चे के लापता होने की सूचना पर पुलिस लगातार तलाश कर रही थी। जेसीबी से नहर की सफाई के दौरान बच्चे का शव मिलने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम को भेज दिया।
गांव नरखेड़ा निवासी अजय सिंह का 3 वर्षीय पुत्र जय 28 जनवरी को घर से अचानक से लापता हो गया था। बच्चे को परिजनों ने गांव में खोजा, लेकिन कुछ पता नहीं लग सका। परिजनों ने 29 जनवरी को पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर बच्चे की तलाश शुरू कर दी। कोतवाल नरेश चौहान ने बच्चे को खोजने के लिए 4 टीमों का गठन किया था। बुधवार को पुलिस टीमें बच्चे को खोज रही थीं। वहीं अजय सिंह के घर के सामने बह रही केलाखेड़ा नहर को जेसीबी से साफ कराया जा रहा था, तभी पुलिस टीम को बच्चे की उंगलियां कीचड़ में दिखाई दीं। इसके बाद तुरंत बच्चे को बाहर निकाला गया। बच्चे के शव को देखकर उसकी मां और पिता बेसुध हो गए। घर और गांव में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मासूम जय सिंह अजय का बड़ा पुत्र था, इससे छोटा एक और पुत्र है। वहीं प्रभारी निरीक्षक नरेश चौहान ने बताया कि पुलिस पहले दिन से बच्चे की खोज में लगी थी और उसको खोजने के लिए 4 टीमों का गठन किया था। नहर की तलाशी के दौरान आज बच्चे का शव मिला है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›