Report by : CWN Desk
Published at :
प्रधानमंत्री पोषण योजना में 3.15 करोड़ का घोटाला, उपनल कर्मी पर मुकदमा दर्ज

देहरादून। प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण योजना के अंतर्गत देहरादून में 3.15 करोड़ रुपये के घोटाले का खुलासा हुआ है, जिससे शिक्षा विभाग और प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मच गया है। इस मामले में रायपुर थाना पुलिस ने विभागीय तहरीर के आधार पर उपनल कर्मचारी नवीन सिंह रावत के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

एसएसपी अजय सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि जिला शिक्षा अधिकारी प्रेमलाल भारती की ओर से दी गई तहरीर के बाद जांच शुरू की गई। विभागीय जांच में पाया गया कि आरोपी नवीन सिंह रावत बीते दस वर्षों से प्रधानमंत्री पोषण योजना प्रकोष्ठ में उपनल के माध्यम से कार्यरत था। योजना का खाता देहरादून के राजपुर स्थित कैनरा बैंक शाखा में है, जिसे नेट बैंकिंग के माध्यम से संचालित किया जाता है।

नवीन सिंह रावत को खाते में “मेकर” की भूमिका सौंपी गई थी। इसी का दुरुपयोग करते हुए उसने वर्ष 2023 से अब तक कुल 3.15 करोड़ रुपये की धनराशि फर्जी तरीके से अपने निजी बैंक खातों में स्थानांतरित कर दी। जैसे ही यह घोटाला विभागीय जांच में सामने आया, शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया और तत्काल पुलिस में तहरीर दी गई।

पुलिस अब मामले की गहराई से जांच कर रही है और शिक्षा विभाग से आंतरिक जांच से जुड़े दस्तावेज भी मांगे गए हैं। इस घोटाले ने सरकारी योजनाओं की निगरानी व्यवस्था और वित्तीय पारदर्शिता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। साथ ही इसने यह भी उजागर किया है कि किस तरह वर्षों से नियुक्त कर्मचारी योजनाओं का लाभ उठाकर भारी वित्तीय हेराफेरी को अंजाम दे रहे हैं।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›