Report by : CWN Desk
Published at :
आईएएस विनोद कुमार सुमन के नाम से बनाई फर्जी फेसबुक प्रोफाइल, लोगों से मांगे गए रुपये

रुद्रपुर। हल्द्वानी जल संस्थान में कार्यरत जेई (जूनियर इंजीनियर) हरीश चन्द्र जोशी के साथ शेयर ट्रेडिंग के नाम पर 36.79 लाख रुपये की साइबर ठगी का मामला सामने आया है। बुधवार को पीड़ित ने पंतनगर साइबर क्राइम थाना पुलिस को तहरीर दी, जिस पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

अमरावती कॉलोनी निवासी हरीश चन्द्र जोशी पुत्र दया किशन जोशी ने बताया कि 14 अप्रैल को उनके फेसबुक अकाउंट पर ‘अनविका शर्मा’ नामक एक आईडी से फ्रेंड रिक्वेस्ट आई थी। रिक्वेस्ट एक्सेप्ट करने के बाद उक्त यूजर ने खुद को एक कंपनी का एग्जीक्यूटिव बताकर बातचीत शुरू की। बातचीत के दौरान आरोपी ने उनका व्हाट्सएप नंबर मांगा और शेयर ट्रेडिंग में निवेश कर मोटा मुनाफा कमाने का लालच दिया।

लालच में आकर उन्होंने आरोपी की बताई वेबसाइट पर अकाउंट बना लिया। 10 मई से 22 मई तक हरीश ने अपने दो बैंक खातों से कुल 36,79,916 रुपये आरोपी द्वारा बताए गए खातों में ट्रांसफर कर दिए। रकम निकालने की कोशिश करने पर आरोपी ने टैक्स देने की शर्त रखी। टैक्स जमा न करने पर आरोपी ने हरीश से संपर्क तोड़ दिया। इसके बाद जेई को ठगी का एहसास हुआ।

पंतनगर साइबर क्राइम थाना प्रभारी अरुण कुमार ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और जिन खातों में रकम ट्रांसफर की गई है, उन्हें होल्ड कराने की कोशिश की जा रही है। पुलिस टीम साइबर ठगों की पहचान करने के प्रयास में जुटी है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›