Report by : CWN Desk
Published at :
टेस्ट ड्राइव के बहाने बाइक ली, पलक झपकते हुआ फरार, मुकदमा दर्ज

देहरादून। सहस्रधारा हेलिपैड के पास टेस्ट राइड के बहाने एक युवक बाइक लेकर फरार हो गया। यह घटना 3 अगस्त की है, जिसमें अब राजपुर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।

एसओ राजपुर शैंकी कुमार ने बताया कि कैनाल रोड निवासी इम्मनुएल सिंह मसीह ने अपनी मोटरसाइकिल बेचने के लिए ओएलएक्स पर विज्ञापन डाला था। इस दौरान एक युवक ने उनसे संपर्क किया और बाइक खरीदने में रुचि दिखाई। तय समय के अनुसार 3 अगस्त की शाम करीब 6:45 बजे आरोपी युवक कल्हान स्थित हेलिपैड के पास पहुंचा। उसने बाइक की टेस्ट राइड लेने की बात कही।

इम्मनुएल ने बाइक सौंपी, लेकिन आरोपी टेस्ट राइड के बाद वापस नहीं लौटा। काफी देर इंतजार के बाद भी जब वह नहीं आया तो इम्मनुएल ने पुलिस को सूचना दी। जांच के बाद शनिवार को पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया है। एसओ ने बताया कि आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए प्रयास जारी हैं।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›