Report by : CWN Desk
Published at :
हल्द्वानी में खनन पट्टा दिलाने के नाम पर 35 लाख की ठगी, आरोपी पर मुकदमा दर्ज

हल्द्वानी। आदर्श कॉलोनी, सुभाषनगर निवासी गिरीश बिष्ट ने अपने ही परिचित पर 35 लाख रुपये की ठगी का आरोप लगाया है। पीड़ित की ओर से दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, देवपुर कुटिया, लामाचौड़ निवासी सोनू बगड़वाल ने खनन का पट्टा दिलाने का झांसा देकर गिरीश से यह रकम ठगी। सोनू ने दावा किया था कि उसकी खनन विभाग के अधिकारियों और शासन में अच्छी पकड़ है और वह पहले भी कई लोगों को खनन के पट्टे दिलवा चुका है।

गिरीश बिष्ट ने विश्वास में आकर नवंबर 2023 से फरवरी 2024 के बीच सोनू द्वारा बताए गए खाते में 35 लाख रुपये तीन अलग-अलग किस्तों में जमा कर दिए। लेकिन जब गिरीश ने सोनू से खनन पट्टा दिलवाने की बात कही तो वह टालमटोल करने लगा और अंत में साफ इंकार कर दिया। बार-बार कहने पर आरोपी ने गिरीश को धमकाना शुरू कर दिया और यहां तक कि उसे व उसके परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी।

इस घटना के बाद गिरीश ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई। कोतवाली प्रभारी राजेश यादव ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपी सोनू बगड़वाल के खिलाफ फर्जीवाड़ा और धमकी देने के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस जल्द ही आरोपी के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई करेगी।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›