Report by : Paras Bisht
Published at :
IMG 20261017 WA0498 20261017 130757

नवनिर्वाचित राज्यसभा सांसद दिनेश आर्या के 18 अक्टूबर को हल्द्वानी आगमन पर विशेष स्वागत कार्यक्रम। बीजेपी कार्यालय में हुई योजना बैठक, वाहन रैली का रूट तय।

हल्द्वानी। नवनिर्वाचित राज्यसभा सांसद दिनेश आर्या के पहली बार अपने गृह जनपद नैनीताल आगमन पर स्वागत कार्यक्रम को लेकर उत्तराखंड के हल्द्वानी में सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। रविवार को सांसद के भव्य स्वागत और अभिनंदन की रूपरेखा तैयार करने के लिए भाजपा संभाग कार्यालय, हल्द्वानी में जिला अध्यक्ष प्रताप सिंह बिष्ट की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण योजना-बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न मंडलों, पार्टी मोर्चों और कार्यकर्ताओं को अलग-अलग स्थानों पर स्वागत की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
तय कार्यक्रम के अनुसार, नवनिर्वाचित सांसद दिनेश आर्या का स्वागत अभियान मालधनचौड़ से शुरू होकर जिले के विभिन्न इलाकों से गुजरते हुए हल्द्वानी पहुंचेगा। विशेष रूप से दोपहर 2 बजे लामाचौड़ मंडल के भाखड़ा पुल पर उनकी अगवानी की जाएगी। इसके बाद एक विशाल वाहन रैली निकाली जाएगी, जो फतेहपुर, ऊंचापुल, कुसुमखेड़ा, कालाढूंगी रोड और नैनीताल रोड से होते हुए शाम 6 बजे हल्द्वानी के शहीद पार्क पहुंचेगी, जहाँ एक भव्य स्वागत सभा के साथ कार्यक्रम का समापन होगा।
जिला अध्यक्ष प्रताप सिंह बिष्ट ने सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को आपसी तालमेल के साथ तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि दिनेश आर्या जनसंघ की वैचारिक पृष्ठभूमि से ताल्लुक रखने वाले एक बेहद जमीनी कार्यकर्ता हैं, जिन्होंने पिछले चार दशकों से पार्टी में विभिन्न महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन किया है। पार्टी नेतृत्व द्वारा उन्हें उच्च सदन (राज्यसभा) में भेजने से कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है।
राजनीतिक संगठनों के साथ-साथ विभिन्न सामाजिक, धार्मिक और व्यापारिक संगठनों ने भी अपने स्तर पर सांसद के स्वागत-अभिनंदन में सहभागिता तय की है। बैठक के दौरान वाहन रैली के रूट, विभिन्न पड़ावों पर स्वागत की व्यवस्थाओं और समापन समारोह की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। इस उच्च स्तरीय बैठक में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष राजेंद्र सिंह बिष्ट, प्रदेश मीडिया सह-प्रभारी भुवन जोशी, दायित्वधारी शंकर कोरंगा, मोहन पाठक, जिला महामंत्री विनीत अग्रवाल समेत कई प्रमुख पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›