हल्द्वानी में एसओजी सिपाही द्वारा महिला दरोगा को थप्पड़ मारने के मामले में जांच आगे बढ़ गई है। पुलिस जांच में पूर्व में भी विवादों की बात सामने आने के बाद महिला दरोगा को चौकी से हटाने की तैयारी है।
हल्द्वानी। कोतवाली में एसओजी के सिपाही के हाथों सरेआम थप्पड़ खाने वाली महिला दरोगा पर अब प्रशासनिक गाज गिरने की तैयारी है। पुलिस महकमे की आंतरिक जांच में सामने आया है कि संबंधित चौकी पर तैनाती के दौरान भी दोनों के बीच कई बार मारपीट और विवाद हो चुके थे। इस पूरे घटनाक्रम के उजागर होने के बाद अब महिला दरोगा को चौकी प्रभारी के पद से हटाने की कवायद शुरू कर दी गई है।
चार दिन पूर्व तड़के कोतवाली परिसर में ही किसी बात को लेकर विवाद इतना बढ़ गया था कि आपा खोकर एसओजी सिपाही ने पूरी फोर्स के सामने महिला दरोगा को थप्पड़ जड़ दिया था। चर्चा यह भी है कि सिपाही ने आपा खोते हुए महिला दरोगा पर अपनी सरकारी पिस्टल तक तान दी थी।
पूर्व के विवाद और पुलिस महकमे की विभागीय जांच
विभागीय स्तर पर शुरू हुई जांच में यह तथ्य प्रमुखता से सामने आया है कि सिपाही और महिला दरोगा के बीच यह कोई पहला विवाद नहीं था। इससे पहले भी दोनों के बीच कई बार तनातनी और हाथापाई की नौबत आ चुकी थी। बार-बार अनुशासनहीनता और पुलिस विभाग की साख धूमिल होने को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर सख्त विभागीय कार्रवाई की पटकथा तैयार कर ली गई है।
एसएसपी की सख्त चेतावनी: जल्द होगा कड़ा एक्शन
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने स्पष्ट किया है कि पुलिस अनुशासन से समझौता किसी सूरत में नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रकरण की विस्तृत जांच रिपोर्ट आते ही दोनों दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ शीघ्र अति शीघ्र सख्त से सख्त विभागीय एक्शन लिया जाएगा।