Report by : CWN Desk
Published at :
हल्द्वानी: होटल में युवक-युवती के मिलने पर हंगामा, पुलिस ने दोनों को हिरासत में लिया

हल्द्वानी में सोमवार को एक होटल में युवक और युवती के मिलने पर बवाल खड़ा हो गया। कुछ संगठनों के लोगों ने इस मामले को लेकर हंगामा किया और पुलिस को सूचना दी। आरोप लगाया गया कि युवक ने युवती को बहला-फुसलाकर होटल लाया था।
जानकारी के अनुसार, हल्द्वानी निवासी करीब 18 वर्षीय एक युवती अपने स्कूली सहपाठी युवक के साथ शहर के एक होटल में पहुंची थी। इस दौरान कुछ लोगों ने उन्हें देखकर नाराजगी जताई और विरोध करते हुए थाने में शिकायत दर्ज कराई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवक-युवती दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। थानाध्यक्ष काठगोदाम दीपक बिष्ट के अनुसार, कुछ संगठनों से जुड़े दस से बारह लोग थाने पहुंचे और युवक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।


पुलिस ने युवक की फेसबुक वॉल और अन्य सोशल मीडिया गतिविधियों की भी जांच की है। कई महत्वपूर्ण तथ्यों को ध्यान में रखते हुए मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। एसओ दीपक बिष्ट ने आश्वासन दिया कि मामले में कानून के तहत उचित कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, एहतियात के तौर पर थाने में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है ताकि कोई अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो। पुलिस का कहना है कि युवक और युवती से पूछताछ के बाद पूरे घटनाक्रम का सही तथ्य सामने आने पर ही आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। मामले को लेकर शहर में हलचल का माहौल बना हुआ है और पुलिस पूरी सतर्कता बरत रही है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›