हल्द्वानी
महापौर चुनाव में अनियमितताओं का आरोप, हाईकोर्ट जाएंगे ललित जोशी
हल्द्वानी। नगर निगम चुनाव में महापौर पद के लिए कांटे की टक्कर में मात्र 3894 वोटों से हारने वाले कांग्रेस प्रत्याशी ललित जोशी अब कानूनी लड़ाई लड़ने की तैयारी में हैं। जोशी का कहना है कि उन्होंने चुनाव से जुड़े दस्तावेज और बूथवार रिकॉर्ड एकत्र कर लिया है और दो-तीन दिन में नैनीताल हाईकोर्ट में याचिका दायर करेंगे।
जोशी ने आरोप लगाया है कि कई बूथों पर गिनती के दौरान कुल पड़े वोटों से अधिक मत सामने आए, जबकि कुछ बूथों पर गिनती में मतों की संख्या मतदान से कम निकली। उन्होंने कहा कि यह केवल तकनीकी गलती नहीं बल्कि सुनियोजित गड़बड़ी का संकेत है।
अपने दावे के समर्थन में उन्होंने कुछ उदाहरण भी पेश किए। बूथ संख्या 288 पर 398 वोट पड़े, लेकिन बीजेपी को 472 और उन्हें 99 मत मिले, जो कि कुल मतदान से अधिक है। बूथ 246 पर 749 वोट पड़े, लेकिन गिनती में केवल 398 निकले। इसी तरह बूथ 287 पर 509 पड़े, मगर गिने गए 405 और बूथ 271 पर 710 पड़े लेकिन 718 गिनती में निकले।
जोशी का कहना है कि यदि विधानसभा चुनावों में भी ऐसी गड़बड़ी हुई तो क्या कांग्रेस चुप रहेगी? उन्हें उम्मीद थी कि पार्टी इस गंभीर मुद्दे को विधानसभा और संगठन स्तर पर उठाएगी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ।
अब उन्होंने जनता के बीच जाकर सच्चाई रखने और फिर अदालत में मजबूत दस्तावेजों के साथ मामला दायर करने का निर्णय लिया है। उनका कहना है कि यह सिर्फ एक उम्मीदवार की हार का मामला नहीं बल्कि लोकतंत्र और मतदाता के अधिकारों की रक्षा का विषय है। जोशी ने साफ किया कि उनके पास दो दर्जन से ज्यादा बूथों के प्रमाण हैं और अब वह आर-पार की लड़ाई लड़ेंगे।
