Connect with us

हल्द्वानी

नैनीताल-हल्द्वानी में अलग-अलग घटनाओं में तीन लोगों की मौत, क्षेत्र में शोक

Published

on

खबर शेयर करें 👉

हल्द्वानी। रविवार को नैनीताल-हल्द्वानी क्षेत्र में अलग-अलग घटनाओं में तीन लोगों की मौत हो गई। इनमें दो ने फांसी लगाकर जान दी, जबकि एक मजदूर सड़क हादसे में जिंदगी गंवा बैठा। घटनाओं से परिजनों में कोहराम मचा है और क्षेत्र में शोक का माहौल है।
पहली घटना नैनीताल तहसील क्षेत्र की है, जहां राजस्व अनुसेवक राजेंद्र सिंह परिहार (42) अपने घर में फंदे से लटके मिले। जब उनके बच्चे बाजार से घर लौटे तो उन्होंने पिता को फांसी पर लटका पाया और तुरंत आसपास के लोगों को सूचना दी। राजेंद्र को बीडी पांडे अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। कानूनगो भुवन जोशी ने बताया कि राजेंद्र हंसमुख और मिलनसार स्वभाव के थे। उनके दो बच्चे हैं, जो शहर के एक स्कूल में पढ़ते हैं। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है। सोमवार को शव का पोस्टमार्टम किया जाएगा।
दूसरी घटना हल्द्वानी की है। यहां सड़क पार करते समय एक मजदूर की बाइक से टक्कर हो गई। हादसे में मजदूर डिवाइडर से टकराकर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान 42 वर्षीय नत्थू लाल निवासी शाही, मीरगंज (बरेली, यूपी) के रूप में हुई है। वह हाल मोटाहल्दू में रहकर मजदूरी करता था। पुलिस ने बाइक चालक को हिरासत में लिया है। भाजपा ओबीसी मोर्चा के जिलाध्यक्ष नन्हे कश्यप ने मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है।
तीसरी घटना भी हल्द्वानी मंडी परिषद क्षेत्र की है। यहां सब्जी मंडी में पल्लेदारी करने वाले 39 वर्षीय प्रेम ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर जान दे दी। मूल रूप से नेपाल निवासी प्रेम दुकान के ही कार्यालय वाले कमरे में रहता था। पुलिस ने बताया कि मौत के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है और मामले की जांच की जा रही है।

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Select Language

Advertisement