चमोली/उत्तरकाशी/रुद्रप्रयाग/टिहरी/पौड़ी
उत्तरकाशी: बड़कोट में दो मंजिला मकान में लगी भीषण आग, ढाई महीने की मासूम की मौत
उत्तरकाशी जिले के बड़कोट में रविवार शाम एक आवासीय मकान में भीषण आग लग गई। इस दर्दनाक हादसे में ढाई माह की बच्ची की जलकर मौत हो गई और लाखों का घरेलू सामान जलकर राख हो गया।
उत्तरकाशी। जिले से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। जिले के बड़कोट क्षेत्र के कोटि गगटाड़ी निवासी शैलेंद्र चौहान के दो मंजिला आवासीय मकान में रविवार शाम अचानक भीषण आग लग गई। इस हादसे में नेपाली मूल के मन बहादुर की ढाई माह की मासूम बच्ची की जलकर मौत हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग इतनी भीषण थी कि पलक झपकते ही पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया। मकान में मौजूद लोग जान बचाने के लिए बाहर की ओर भागे, लेकिन दुर्भाग्यवश मासूम बच्ची अंदर ही फंस गई। ग्रामीणों के काफी प्रयासों के बावजूद उसे बचाया नहीं जा सका। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि मकान में रखा सारा घरेलू सामान और भवन पूरी तरह जलकर खाक हो गया।
घटना की जानकारी मिलते ही राजस्व विभाग की टीम नायब तहसीलदार खजान असवाल के नेतृत्व में मौके पर पहुंची। राजस्व टीम ने घटनास्थल का मुआयना कर नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है। प्रशासन इस बात की जांच कर रहा है कि आग लगने का मुख्य कारण क्या था। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट को वजह माना जा रहा है, लेकिन आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है।
स्थानीय ग्रामीणों ने पहाड़ी क्षेत्रों में आग बुझाने के संसाधनों की कमी पर गहरा रोष व्यक्त किया है। ग्रामीणों का कहना है कि पर्याप्त संसाधन न होने के कारण आग पर समय रहते काबू नहीं पाया जा सका। प्रभावित परिवार अब खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को तत्काल उचित मुआवजा और आर्थिक सहायता देने की मांग उठाई है।
