Connect with us

हल्द्वानी

हल्द्वानी: हल्दूचौड़ CHC की बदहाली, धूल फांक रही एक्स-रे मशीन, प्रसव सेवाएं भी ठप

Published

on

खबर शेयर करें 👉

हल्दूचौड़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में स्वास्थ्य सेवाएं बेपटरी। एक महीने से बंद पड़ी है एक्स-रे मशीन और गर्भवती महिलाओं को किया जा रहा रेफर। पढ़ें पूरी खबर।

हल्दूचौड़। स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली एक बार फिर चर्चा में है। अस्पताल में एक महीने पहले पहुंची नई एक्स-रे मशीन अब तक डिब्बे से बाहर नहीं निकल पाई है। तकनीकी कारणों और बजट के अभाव का हवाला देकर प्रशासन ने इसे धूल फांकने के लिए छोड़ दिया है। इसके कारण क्षेत्र की हजारों की आबादी को मामूली जांच के लिए भी निजी सेंटरों या हल्द्वानी के चक्कर काटने पड़ रहे हैं।
समाजसेवी हेमंत गौनिया और सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य गोविंद बल्लभ भट्ट ने शुक्रवार, 13 फरवरी 2026 को अस्पताल का निरीक्षण किया। उन्होंने चिकित्सा अधीक्षक से मिलकर मशीन को तुरंत स्थापित करने की मांग उठाई। समाजसेवियों का कहना है कि बजट और तकनीकी व्यवस्था का रोना रोकर जनता के हक को मारा जा रहा है। अस्पताल परिसर में मशीन होने के बावजूद उसका लाभ न मिलना प्रशासन की लापरवाही को दर्शाता है।
अस्पताल की हालत इतनी गंभीर है कि यहाँ प्रसव (डिलीवरी) सेवाएँ भी लगभग शून्य हो चुकी हैं। स्टाफ की कमी और रिक्त पदों के कारण गर्भवती महिलाओं को सीधे हल्द्वानी रेफर कर दिया जाता है। इससे न केवल गरीब मरीजों पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा है, बल्कि आपातकालीन स्थिति में माँ और बच्चे की जान का जोखिम भी बना रहता है। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि अस्पताल अब केवल रेफरल सेंटर बनकर रह गया है।
गौरतलब है कि अस्पताल की इन बदहाल व्यवस्थाओं को लेकर उत्तराखंड उच्च न्यायालय में जनहित याचिका भी लंबित है। समाजसेवियों का आरोप है कि कोर्ट में तथ्यों को सही तरीके से पेश नहीं किया जा रहा, जिससे सुधारात्मक आदेशों में देरी हो रही है। क्षेत्र की जनता ने अब सरकार से मांग की है कि रिक्त पदों को भरा जाए और एक्स-रे व प्रसव सेवाओं को तत्काल प्रभाव से सुचारू किया जाए।

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Select Language

Advertisement