चमोली/उत्तरकाशी/रुद्रप्रयाग/टिहरी/पौड़ी
टिहरी में शादी का खाना बना आफत: 35 से अधिक लोग फूड प्वाइजनिंग के शिकार
टिहरी के ढरसाल गांव में विवाह समारोह के दौरान खाना खाने से 35 लोग बीमार। जिला अस्पताल बौराड़ी में भर्ती, दूषित पानी या स्ट्रीट फूड हो सकता है कारण।
टिहरी: उत्तराखंड के टिहरी जिले के ढरसाल गांव में एक खुशी का माहौल उस समय मातम जैसी स्थिति में बदल गया जब शादी समारोह का खाना मेहमानों के लिए मुसीबत बन गया। चम्बा विकासखंड के अंतर्गत आने वाले इस गांव में आयोजित विवाह समारोह के बाद 35 से अधिक लोग फूड प्वाइजनिंग का शिकार हो गए हैं। बीमार होने वालों में अधिकांश महिलाएं और छोटे बच्चे शामिल हैं।
घटना बादशाहीथौल स्थित होटल गणपति पैलेस की है, जहां 13 और 14 अप्रैल को विवाह समारोह आयोजित किया गया था। बताया जा रहा है कि मेहंदी की रस्म के बाद रात का खाना खाने और पानी पीने के कुछ ही घंटों बाद मेहमानों को उल्टी और दस्त की गंभीर शिकायत होने लगी। स्थिति बिगड़ने पर आनन-फानन में सभी को जिला अस्पताल बौराड़ी में भर्ती कराया गया।
जिला अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अमित राय ने बताया कि बुधवार को 15 मरीज आए थे, जबकि गुरुवार को 20 और मरीज अस्पताल पहुंचे। राहत की बात यह है कि प्राथमिक उपचार के बाद 15 लोगों की हालत में सुधार होने पर उन्हें छुट्टी दे दी गई है। वर्तमान में 20 मरीजों का इलाज अस्पताल में चल रहा है और उनकी स्थिति अब खतरे से बाहर बताई जा रही है।
प्राथमिक जांच में स्वास्थ्य विभाग दूषित पानी को फूड प्वाइजनिंग का मुख्य कारण मान रहा है। हालांकि, अस्पताल में भर्ती कुछ महिलाओं का कहना है कि समारोह में गोलगप्पे और चाऊमीन खाने के बाद उनकी तबीयत बिगड़ी। इससे कैटरिंग और खाने की गुणवत्ता पर भी बड़े सवाल खड़े हो गए हैं। कुछ अन्य मरीजों को चम्बा सीएचसी में भी उपचार के लिए भर्ती किया गया है।
ढरसाल गांव के ग्राम प्रधान बुद्धि प्रसाद ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि 13 अप्रैल की रात के बाद अचानक लोगों की तबीयत खराब होने लगी थी। स्थानीय प्रशासन ने मामले का संज्ञान लिया है और खाद्य सुरक्षा विभाग को खाने व पानी के सैंपल लेने के निर्देश दिए जा सकते हैं ताकि असल कारणों का पता चल सके।
