हल्द्वानी
लालकुआं में दो बड़े हादसे: लंगूर के हमले में बुजुर्ग की मौत, घरेलू कलह से तंग महिला ने दी जान
लालकुआं में दो दर्दनाक घटनाएं सामने आई हैं। जहां लंगूर के हमले में एक बुजुर्ग की मौत हो गई, वहीं घरेलू कलह से तंग आकर एक महिला ने जहरीला पदार्थ खाकर जान दे दी।
लालकुआं। उत्तराखंड के लालकुआं क्षेत्र से दो बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली खबरें सामने आई हैं। पहली घटना में सुबह टहलने निकले एक बुजुर्ग की लंगूर के हमले के कारण मौत हो गई। वहीं दूसरी घटना में घरेलू कलह से तंग आकर एक तीन बच्चों की मां ने जहरीला पदार्थ खाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। इन दोनों घटनाओं से पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है।
पहली घटना राजीव नगर बंगाली कॉलोनी की है, जहां 69 वर्षीय मोहम्मद इदरीश गुरुवार तड़के दोस्तों के साथ टहलने जा रहे थे। बुध बाजार के पास एक विशालकाय लंगूर ने उन पर पीछे से अचानक हमला कर दिया। हमले के कारण वह सिर के बल जमीन पर गिर पड़े और उनके सिर में गंभीर चोट आई। उन्हें हल्द्वानी और बरेली के बाद दिल्ली ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।
दूसरी दुखद घटना वार्ड नंबर 4 आजाद नगर से सामने आई है। यहाँ रहने वाली 30 वर्षीय आशा का अपने परिवार में किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। गृह क्लेश से परेशान होकर महिला ने संदिग्ध हालात में जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। परिजनों ने उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया, लेकिन हल्द्वानी के एसटीएच अस्पताल के आईसीयू में इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई।
इन दोनों मौतों के बाद स्थानीय निवासियों और परिजनों में गहरा शोक है। बुजुर्ग मोहम्मद इदरीश की मौत के बाद स्थानीय लोग वन विभाग से लंगूरों को पकड़ने की मांग कर रहे हैं। दूसरी तरफ महिला की मौत के बाद पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। लालकुआं कोतवाल ब्रज मोहन सिंह राणा ने बताया कि पुलिस हर पहलू पर बारीकी से तफ्तीश कर रही है।
