हल्द्वानी
हल्द्वानी में स्मार्ट मीटर और महंगाई के खिलाफ कांग्रेस का बड़ा प्रदर्शन
हल्द्वानी में युवा कांग्रेस उपाध्यक्ष हेमंत साहू के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने स्मार्ट मीटर, महंगाई, बेरोजगारी और बढ़ते नशे के खिलाफ सरकार का पुतला फूंका।
हल्द्वानी। उत्तराखंड में बिजली के स्मार्ट मीटरों, बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी को लेकर सियासी पारा गरमा गया है। हल्द्वानी में युवा कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष हेमन्त साहू के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। कार्यकर्ताओं ने जनता से जुड़े गंभीर मुद्दों पर उदासीनता का आरोप लगाते हुए सरकार का जोरदार प्रदर्शन किया और पुतला दहन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार विरोधी नारे लगाते हुए आक्रोश व्यक्त किया।
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे युवा कांग्रेस नेता हेमन्त साहू ने कहा कि जब से स्मार्ट मीटर लगाए गए हैं, तब से आम जनता को भारी-भरकम बिजली बिलों का सामना करना पड़ रहा है। इससे गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों का बजट पूरी तरह बिगड़ गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार बिजली बिलों के माध्यम से जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाल रही है, जिससे लोगों में भारी असंतोष व्याप्त है।
कांग्रेस नेताओं ने प्रदेश में बढ़ती बेरोजगारी और नशे के अवैध कारोबार को लेकर भी सरकार को घेरा। पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष राजेंद्र बिष्ट ने कहा कि क्षेत्र में जगह-जगह स्मैक और अवैध शराब का धंधा फल-फूल रहा है, लेकिन शासन-प्रशासन हाथ पर हाथ धरे बैठा है। नेताओं का कहना है कि रोजगार के अभाव में युवा भटक रहे हैं और नशे की गिरफ्त में आकर उनका भविष्य बर्बाद हो रहा है।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने साफ चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने बिजली बिलों, महंगाई और नशे पर लगाम लगाने के लिए शीघ्र ही कोई ठोस कदम नहीं उठाए, तो पार्टी जनहित में अपने आंदोलन को और तेज करेगी। इस प्रदर्शन में पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष राजेंद्र सिंह बिष्ट, व्यापारी नेता जसविंदर सिंह भसीन, प्रदेश उपाध्यक्ष जूही चुफाल, प्रदेश महासचिव स्वाति जोशी और महानगर अध्यक्ष सुमित कुमार सहित दर्जनों पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
